
नई दिल्ली। हिन्दू धर्म में सबसे पवित्र जगहों में से एक मानसरोवर की यात्रा पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जाना चाहते हैं लेकिन उन्हें अभी तक अनुमति नहीं मिली है। हालांकि राहुल गांधी ने विदेश मंत्रालय में मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए आवेदन नहीं किया है। अब इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार नहीं चाहती है कि राहुल गांधी मानसरोवर की यात्रा करें। इसलिए विदेश मंत्रालय गलतबयानी कर रही है।
विदेश मंत्रालय ने आरोपों से किया इनकार
आपको बता दें कि मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैलास मानसरोवर की यात्रा करने के लिए आम नागरिकों की तरह तय समय में आवेदन नहीं किया है लेकिन उन्होंने विशेष अनुमति के लिए जरुर आवेदन किया है। कांग्रेस ने कहा है कि ये आवेदन आम तौर पर सांसद सदस्यों के लिए मान्य होते हैं। लेकिन अभी तक विदेश मंत्रालय ने उनके इस आवेदन का कोई जवाब नहीं दिया है। दूसरी और इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय ने साफ करते हुए कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से किसी भी तरह से कोई आवेदन नहीं मिला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा है कि कैलास मानसरोवर की यात्रा 12 जून से शुरू हो चुकी है और यात्रा करने वाले यात्रियों को मार्च-अप्रैल के महीने में ही आवेदन करने होते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कई भी आवेदन अभी तक मंत्रालय को नहीं मिला है। हालांकि रवीश कुमार ने यह जरुर कहा कि राहुल गांधी ने यात्रा करने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक आवेदन नहीं किया है।
राहुल ने चुनावी रैली में जताई थी अपनी इच्छा
आपको बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए कर्नाटक चुनाव प्रचार के बाद दिल्ली में एक जनसभा में राहुल गांधी ने मानसरोवर यात्रा पर जाने की इच्छा जताई थी। दरअसल चुनाव प्रचार के लिए हुबली जाते समय राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर खराब हो गया था और इस हादसे में वे बाल-बाल बचे थे। इस घटना के बाद दिल्ली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था वे कर्नाटक चुनाव के बाद मानसरोवर की यात्रा पर जाएंगे। इसके लिए बकायदा उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से 10-15 दिन की छुट्टी भी मांगी थी। आपको बता दें कि हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से इस मामले को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।