विविध भारत

Sir Gangaram Hospital में 25 मरीजों की मौत, Oxygen की कमी के चलते 60 मरीजों की खतरे में जिंदगी

Oxygen Crisis के चलते दिल्ली के Sir Gangaram Hospital में 24 घंटे के अंदर 25 मरीजों की मौत, अब भी संकट बरकरार
2 min read
• •
Updated: 23 Apr 2021, 11:51 AM IST
25 Patients died in Delhi Sir Gangaram Hospital
25 Patients died in Delhi Sir Gangaram Hospital last 24 Hours

नई दिल्ली। कोरोना ( Coronavirus ) के कहर के बीच राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। ऑक्सीजन की कमी के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल ( Sir Gangaram Hospital ) में बीते 24 घंटे में 25 मरीजों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के पास अब महज दो घंटे की ही ऑक्सीजन बची है और 60 से ज्यादा मरीजों की जान खतरे में है।

हालांकि तेजी से अस्पताल में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम किया जा रहा। लेकिन इस ऑक्सीजन की इस किल्लत ने देश में हाहाकार मचा दिया है।

दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर ने बताया कि अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 25 बीमार मरीजों की मौत हो गई है। वेंटिलेटर और Bipap मशीन प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है।

दरअसल अस्पताल के अधिकारियों ने गुरुवार रात सरकार को आपात संदेश भेजकर कहा था कि स्वास्थ्य केंद्र में केवल पांच घंटे के लिए ऑक्सीजन बची है और तुरंत इसकी आपूर्ति का अनुरोध किया था।

ऑक्सीजन की कमी के चलते 60 से अधिक मरीजों की जान खतरे में हैं। हालांकि ऑक्सीजन की किल्लत के बीच सुबह से अब तक दो ऑक्सीजन टैंकर सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाए गए हैं।

वहीं एक अन्य टैंक साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भी पहुंचाया गया है। आपको बता दें कि दिल्ली में बीते चार दिनों से ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है। इसको लेकर लगातार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया केंद्र से मदद की अपील भी कर रहे हैं।

इस बीच दिल्ली के एक अन्य अस्पताल होली फैमिली के डॉक्टर सुमित रे ने कहा है कि हमने लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन ली है जो एक घंटे चलेगी और बैकअप ऑक्सीजन की आपूर्ति दो घंटे चलेगी।
हम लिंडे के आने और ऑक्सीजन टैंक भरने का इंतजार कर रहे हैं।

मरीजों को भर्ती करना किया बंद
राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी के बाद कई अस्पतालों ने कोरोना पीड़ित नए मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है।

फिलहाल, दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में 500 से ज्यादा संक्रमित मरीज भर्ती हैं और इनमे से 150 मरीज 'हाई फ्लो ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।

सर गंगाराम अस्पताल की तरह ही दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में कुछ ही समय का ऑक्सीजन का स्टॉक बचा है। ऐसे में आईसीयू में बची हुई ऑक्सीजन इस्तेमाल करने और वार्डों में ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।

ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए अस्पताल ने नए कोरोना मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है। इसी तरह रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भी ऑक्सीजन की किल्लत के बाद नए मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया गया है। इसी तरह अपोलो, मैक्स, विमहंस जैसे अस्पतालों में भी कुछ समय के लिए नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है।

Published on: