विविध भारत

अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी के प्रत्यर्पण की तैयारी, जल्द लाया जा सकता है भारत

फर्जी नाम पर अफ्रीका में रह रहा था Ravi Pujari पत्नी और बच्चे भी भारत से भागे एंथॉनी (Enthony) नाम से अफ्रीका में कर रहा व्यवसाय

3 min read

खतरनाक अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को दक्षिण अफ्रीका में कथित रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे भारत प्रत्यर्पित करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल रॉ ऑफिसर और कर्नाटक पुलिस सेनेगल में ही मौजूद हैं। पुजारी अपने धंधे विदेश से संचालित करता था।

झूठे नाम पर रह रहा था अफ्रीका में

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से अलग होने के बाद पुजारी पिछले साल सेनेगल में जमानत पर रिहा होने के बाद दक्षिण अफ्रीका भाग गया था, जहां वह ड्रग तस्करी और वसूली के धंधों में लिप्त था। भारतीय खुफिया विभाग के सूत्रों के अनुसार- पुजारी को दक्षिण अफ्रीका में एक दूर-दराज के गांव में पाया गया। पुजारी वहां बुर्किना फासो के पासपोर्ट पर एंथॉनी फर्नाडीज के झूठे नाम से रह रहा था।

200 मामलों में वांछित

भारतीय विदेशी खुफिया एजेंसी की सूचना पर सेनेगल की पुलिस पिछले सप्ताह दक्षिण अफ्रीका पहुंची थी। हत्या, वसूली समेत लगभग 200 जघन्य मामलों में वांछित पुजारी (52) को दक्षिण अफ्रीकी एजेंसियों की सहायता से हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा नहीं

एक रिपोर्ट में मुंबई पुलिस के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि- पुजारी की गिरफ्तारी की अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन विदेश मंत्रालय दक्षिण अफ्रीका में अपने मिशन के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस मुद्दे पर बात करने से इनकार कर दिया। नई दिल्ली के वसंत विहार स्थित सेनेगल दूतावास ने भी पुजारी की गिरफ्तारी के संबंध में कुछ नहीं कहा है।

पुजारी की पत्नी और बच्चे भी भारत से भागे

पुजारी सबसे पहले 2000 के शुरुआती दशक में सुर्खियों में आया था, जब उसने बॉलीवुड की प्रसिद्ध हस्तियों और बिल्डरों से वसूली करना शुरू किया था। वह मुंबई के एक प्रतिष्ठित वकील की हत्या के प्रयास में भी संलिप्त था। पुजारी की पत्नी पद्मा और बच्चे भी भारत से भाग गए और उनमें से कुछ ने जाली दस्तावेजों से बुर्किना फासो का पासपोर्ट हासिल कर लिया। पुजारी के बेटे ने हाल ही में कथित रूप से ऑस्ट्रेलिया में शादी की है और उसके पास ऑस्ट्रेलिया का पासपोर्ट है।

धोखाधड़ी से हासिल की जमानत

इससे पहले पिछले साल एंथॉनी के नाम से रह रहे पुजारी ने धोखाधड़ी से सेनेगल कोर्ट से जमानत हासिल की थी। एक न्यूज एजेंसी का दावा है कि उसके पास पुजारी के नए पासपोर्ट की जानकारी है, जिसमें उसकी पहचान बुर्किना फासो निवासी एंथॉनी फर्नाडीज की है। इसमें उसकी जन्मतिथि 25 जनवरी 1961 दिखाई गई है।

अमिताभ के किरदार से प्रभावित होकर रखा फर्जी नाम एंथॉनी

फिल्मों के शौकीन पुजारी ने अमर अकबर एंथॉनी फिल्म में अमिताभ बच्चन के किरदार से प्रेरित होकर अपना फर्जी नाम एंथॉनी रखा। यह पासपोर्ट 10 जुलाई 2013 को जारी हुआ और आठ जुलाई 2023 तक वैध है। पासपोर्ट में उसका पेशा बतौर एजेंट कॉमर्शियल बताया गया है, जिसका मतलब है कि वह सेनेगल, बुर्किना फासो और अन्य पड़ोसी देशों में नमस्ते इंडिया रेस्तरां श्रंखला चलाने वाला व्यवसायी है।

वकील का दावा, एंथॉनी व्यवसायी

सेनेगल में पुजारी के वकील ने कोर्ट में कहा कि वह 'एक व्यवसायी एंथॉनी फर्नाडीज है जैसा कि उसके पासपोर्ट में उल्लेखित है और कोई भगोड़ा नहीं है जैसा कि भारत सरकार ने दावा किया है।' बुर्किना फासो के शीर्ष सरकारी अधिकारी और प्रभावशाली भारतीय व्यवसायी पुजारी के बीच सांठगांठ का स्पष्ट संकेत मिल रहा है। हो सकता है कि रेस्तरां व्यवसाय में पुजारी के साझेदार अधिकारी ने ही सुराग देने में भूमिका निभाई हो।

Updated on:
23 Feb 2020 03:35 pm
Published on:
23 Feb 2020 01:58 pm
Also Read
View All
Surajpur Additional Collector: सूरजपुर अपर कलेक्टर के खिलाफ जांच शुरु, करोड़ों की जमीन सौदे में गड़बड़ी और बेनामी संपत्ति अर्जित करने के आरोप

Farmer Died: तेज आंधी-बारिश में गिरा पुआल से भरा लकड़ी का मचान, दबकर मर गया नीचे बैठा किसान, नहीं मानी बात

Indian Railway News: बौरीडांड़ जंक्शन से सूरजपुर तक रेल लाइन दोहरीकरण, अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन समेत चलती हैं ये 6 गाडिय़ां, MCB के 9 गांवों की जमीन अधिग्रहित

Panchayat By-Election 2026: यहां 3 दिन में बिके मात्र 2 नामांकन फॉर्म, ज्यादा पंच निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद

Commits Suicide: गर्मी में बंद पड़े स्कूल में महिला की फांसी पर लटकती मिली लाश, KYC कराने निकली थी घर से