
लखनऊ। उन्नाव रेप मामले की जांच कर रही सीबीआई की जांच टीम पीड़िता और उसके परिवार से पूछताछ करने उन्नाव के होटल पहुंच गई है, जहाँ पीड़िता और उसके परिवार को रखा गया है। इस मामले में सीबीआई यूपी पुलिस को भी कटघरे में खड़ी कर रही है। बता दें कि यूपी की समूची राजनीति को हिलाने वाले उन्नाव गैंगरेप मामले में सीबीआई ने भाजपा के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा विधायक को बेहद नाटकीय अंदाज में सुबह साढ़े चार बजे के लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित उनके घर से सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल लखनऊ मुख्यालय में सीबीआई की टीम आरोपी विधायक से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि इससे पहले इस मामले में बुधवार को पीड़िता की शिकायत पर इलाहबाद हाईकोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए गुरुवार को इस पूरे मामले पर सुनवाई की। हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को दो बजे तक इस मामले में जवाब देने को कहा था। इस दौरान कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा था कि आप एक घंटे में बताएं कि विधायक को गिरफ्तार करेंगे या नहीं? इसके जवाब में यूपी सरकार ने कहा कि हमारे पास विधायक के खिलाफ सबूत नहीं हैं। आज है कोर्ट का इस मामले पर अहम फैसला आना था। अब हाईकोर्ट का फैसला आने से पहलेही सीबीआई ने आरोपी विधायक को गिरफ्तार कर लिया है। विधायक की गिरफ्तारी न होने से योगी सरकार पर ये आरोप लग रहे थे सरकार विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करना चाहती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे
उधर उन्नाव रेप कांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिर कहा है कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने मीडिया से बात चीत में कहा कि आरोपी चाहे कितने भी ताकतवर हों, कानून अपना काम करेगा और इस मामले में सख्त कार्यवाई की जाएगी। इससे पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार को देर रात उन्नाव बलात्कार मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया।प्रधान सचिव (सूचना) ने एक बयान में कहा, ‘‘विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार के आरोपों पर विचार करते हुए उचित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी।"
यूपी सरकार ने उन्नाव रेप कांड में पीड़िता के पिता की मौत की जांच भी सीबीआई से कराने का फैसला किया है। ये फैसले मामले की जांच के लिए लखनऊ जोन के आई जी के अधीन गठित विशेष जांच टीम की रिपोर्ट के बाद लिए गए हैं। बताया जा रहा है सीबीआई ने आरोपी विधायक के खिलाफ तीन मामले दर्ज किये हैं।