Weather Update Today कई राज्यों में बारिश का अलर्ट बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव कई इलाकों में मेहरबान रहेगा मानसून
नई दिल्ली। मानसून ने देश के कई हिस्सों ( weather update today ) को अब अपनी जद में ले लिया है। इस समय मानसून की ट्रफ रेखा बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, सतना और फिर झारखंड और उससे सटे निम्न दवाब क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजर रही है। यानी इन राज्यों में अगले एक दो दिन अच्छी बारिश ( Heavy Rainfall ) का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) की मानें तो आज देश के 16 राज्यों में अच्छी बारिश के आसार हैं।
दरअसल बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य भागों में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो मध्य भारत से लेकर उत्तर और राजस्थान के कई इलोकों में अच्छी बारिश का संकेत दे रहा है।
आज इन राज्यों में हो सकती है अच्छी बारिश
मौसम की जानकारी देने वाली संस्था स्काईमेट के मुताबिक 29 जुलाई को देश के एक दर्जन से ज्यादा शहरों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
इनमें दक्षिण पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी तेलंगाना, विदर्भ, दक्षिणी छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश के उत्तरी भागों, कोंकण और गोवा तट और असम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा गुजरात के उत्तर और पूर्वी भाग, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड के ज्यादातर स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।
यहां भी गरज के साथ बारिश के आसार
पूर्वोत्तर राज्यों के साथ दक्षिणी बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर भी गरज के साथ बारिश हो सकती है।
यहां कमजोर रहेगा मानसून
देश के कुछ इलाकों में मानसून के कमजोर रहने की संभावना है। इनमें तमिलनाडु, दक्षिणी केरल, रायलसीमा और उत्तर प्रदेश के उत्तरी भाग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
झारखंड में चल सकती हैं चक्रवाती हवाएं
झारखंड और उससे सटे आसपास के क्षेत्रों में निम्न दवाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते यहां चक्रवाती हवाएं चलने के आसार हैं।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन रहा है। एमपी के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और उससे सटे पूर्वी राजस्थान के निकटवर्ती भागों में स्थित हैं।
जम्मू-कश्मीर में रोकी गई अमरनाथ यात्रा
देश के अलग-अलग इलाकों में बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति बन गई है। बारिश की आशंका के चलते मौसम विभाग लगातार चेतावनी भी जारी कर रहा है।
इस बीच जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को रोका दिया गया है।
जम्मू बेस कैंप से रवाना होने वाला अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों का जत्था रविवार को खराब मौसम के कारण रोक दिया गया है।
यहां लंबे समय बाद मेहरबान हुआ मानसून
मध्य प्रदेश पर मानसून लंबे समय बाद मेहरबान हुआ है। पिछले दो-तीन दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। अच्छी बारिश राज्य के मध्य और पश्चिमी भागों में देखने को मिली है।
शनिवार सुबह 8:30 बजे से रविवार 8:30 बजे के बीच राजधानी भोपाल में 120.9 मिलीमीटर की मूसलाधार वर्षा हुई।
बेतुल में 61.6 मिमी, उज्जैन में 28.6 मिमी और धार में 20.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।