
नई दिल्ली। अरब सागर में उठे निम्म दबाव के क्षेत्र ने देश के कई राज्यों में मानसून ( Monsoon In India ) को रफ्तार दे दी है। मध्य भारत से लेकर पूर्वी उत्तर भारत तक हर क्षेत्र में जोरदार बारिश और तेज हवाओं ने कोहराम मचा दिया है। मौसम विभाग की बात करें तो अगले तीन दिन तक देश के 12 से ज्यादा राज्यों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
देश के पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियां इस मानसूनी सीजन में फिर बढ़ेंगी क्योंकि अरब सागर से पूर्वोत्तर भारत पर एक ट्रफ रेखा सक्रिय हुई है। इससे प्रयागराज, पटना, गया, वाराणसी, मिर्जापुर, दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश के भागों के अलावा बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में झमाझम बारिश के आसार
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक मानसून का असर पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र में देखने को मिलेगा।
झारखंड के रांची, जमशेदपुर में सबसे ज्यादा मानसून मेहरबान रहेगा, जबकि पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मिदनापुर में अच्छी बारिश के आसार हैं।
पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
स्काईमेट के मुताबिक ओडिशा के आंतरिक शहरों, झारखंड, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में फिलहाल हल्की से मध्यम बौछारे गिरने की संभावना है।
तटीय कर्नाटक के साथ केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
महाराष्ट्र के पुणे में तबाही
अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान हिका ने एक तरफ जहां गुजरात में अपना कहर बरपाया वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के पुणे में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला। पुणे में तेज आंधी और तूफान के बाद 6 लोगों की मौत हो गई है।
गुजरात में इस साल रिकॉर्ड 126 प्रतिशत बारिश हुई है और राज्य के 205 बांध लगभग 93.73 प्रतिशत भर चुके हैं। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 1,209.54 mm बारिश हुई है जो औसत वार्षिक वर्षा का 126.17 प्रतिशत है। कच्छ और दक्षिण गुजरात के क्षेत्रों में 144.58 प्रतिशत और 137.73 प्रतिशत वर्षा हुई है। राज्य के इन इलाकों में सबसे अधिक बारिश हुई है।
आंध्र प्रदेश में भी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। यहां के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। विशाखापट्टन से लकेर काकीनाड़ा तक हर इलाके में जोरदार बारिश का असर देखने को मिल रहा है।