
नई दिल्ली। जम्मू एवं कश्मीर ( Jammu Kashmir ) के गांदरबल जिले के ऊंचाई वाले इलाके में हुए हिमस्खलन ( Avalanche )में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मंगलवार को तीन अन्य शव मिले हैं। वहीं भारती मौसम विभाग ( IMD ) की मानें तो आने वाले दो दिन में कई पहाड़ी इलाकों में जोरदार बर्फबारी ( Snwofall ) होगी। वहीं बर्फीला तूफान भी मुश्किलें बढ़ा सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ेगी। शीतलहर ( Cold Waves ) की चपेत में 50 से ज्यादा शहर आ जाएंगे।
8 लोगों का दल बर्फ में दबा
गांदरबल जिले के कल्लन क्षेत्र में सोमवार रात हिमस्खलन की चपेट में आने से आठ स्थानीय लोगों का एक दल बर्फ के नीचे दब गया था। बचाव दल तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहुंचा और तीन लोगों को बचा लिया गया। हालांकि, बाकी के पांच लोग का कोई पता नहीं चल पाया था।
देर रात बचाव दल को दो शव बरामद हुए और मंगलवार सुबह तीन अन्य शवों को भी खोज लिया गया। कुपवाड़ा जिले के लिम्बर बोनियार इलाके में भी सोमवार रात हुए हिमस्खलन से तीन आवासीय घर प्रभावित हुए।
इसके बाद घर में फंस गए कई लोगों को सेना, पुलिस और स्थनीय लोगों द्वारा समय पर साहयता प्रदान करने के चलते बचा लिया गया।
इन राज्यों पर पड़ेगा असर
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 8 से ज्यादा राज्यों में बर्फबारी के बाद कंपा देने वाली ठंड पडे़गी। मैदानी इलाकों में आसानी से शीतलहर का प्रकोप देखा जा सकता है।