जैकपॉट के बाद से सोमराजन के पास उसके मित्रों एवं प्रियजन के फोन लगातार आ रहे हैं। बीते कई दिनों से वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 37 वर्षीय एक भारतीय चालक और विभिन्न देशों के उसके नौ सहयोगियों ने दो करोड़ दिरहम (करीब 40 करोड़ रुपए) का जैकपॉट जीता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केरल निवासी और अबु धाबी में चालक का काम करने वाला रंजीत सोमराजन बीते तीन वर्ष से लॉटरी टिकट खरीद रहा था।
दूसरा पुरस्कार 30 लाख का था
मीडिया रिपोर्ट में सोमराजन के हवाले से कहा गया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका जैकपॉट (लॉटरी में सबसे अधिक धन जीतना) लगेगा। उन्हें लगा था कि वे दूसरे या तीसरे स्थान की लॉटरी जीत सकते हैं। उसने कहा कि इस बार दूसरा पुरस्कार 30 लाख और तीसरा पुरस्कार 10 लाख दिरहम था। जैकपॉट के बाद से सोमराजन के पास उसके मित्रों एवं प्रियजन के फोन लगातार आ रहे हैं।
2008 से चला रहा था टैक्सी
सोमराजन के अनुसार वह 2008 से यहां हैं। उन्होंने दुबई टैक्सी और अन्य कंपनियों के साथ चालक के रूप में काम किया। बीते साल उन्होंने एक कंपनी में चालक सह विक्रेता के रूप में काम किया, लेकिन वेतन कटने के कारण उनका जीवनयापन मुश्किल हो रहा था।
हर शख्य ने 100 दिरहम दिए
उसने कहा कि वे कुल 10 लोग हैं। अन्य लोग भारत, पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश जैसे विभिन्न देशों से हैं। वे एक होटल की पार्किंग में काम करते थे। हमने ‘दो खरीदों एवं एक मुफ्त पाओ’ पेशकश के तहत टिकट खरीदा। हर शख्स ने 100 दिरहम दिए। टिकट 29 जून को उनके नाम पर लिया गया। वे दूसरों से कहेंगे कि वे अपना भाग्य आजमाते रहें। उन्हें पूरा भरोसा था कि अच्छा दिन जरूर आएगा।