विश्‍व की अन्‍य खबरें

काबुल से सुरक्षित निकाले गए 135 भारतीय दोहा के रास्ते आएंगे भारत

माना जा रहा है कि अफगानिस्तान से रविवार सुबह लगभग 300 लोगों के भारत वापिस लौटने की संभावनाएं हैं।
2 min read
Aug 22, 2021
indian_returning_from_afghanistan.jpg

नई दिल्ली। अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों के लिए भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। भारतीय विदेश विभाग और दूतावास ने एक ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि पिछले कुछ दिनों में काबुल से दोहा पहुंचे 135 भारतीयों का पहला दल भारत लाया जा रहा है। एक अनुमान के अनुसार अभी अफगानिस्तान में लगभग 400 भारतीय फंसे हुए हो सकते हैं।

ट्वीट में कहा गया है कि दूतावास के अधिकारियों ने इन सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए कांसुलर एक्सेस और अन्य जरूरतों का ध्यान रखा है। ट्वीट में कतर के अधिकारियों का भी धन्यवाद कहा गया है। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान से रविवार सुबह लगभग 300 लोगों के भारत वापिस लौटने की संभावनाएं हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने जानकारी देते हुए कहा कि 87 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान ताजिकिस्तान से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि 80 से अधिक भारतीयों को इंडियन एयरफोर्स के मिलिट्री प्लेन के जरिए काबुल से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे लाया गया है, इसके बाद उन्हें एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली भेजा जाएगा।

भारतीय अधिकारियों को मिल रही है विदेशी मदद
रिपोर्ट्स के अनुसार अफगानिस्तान में फंसे भारतीय अधिकारियों, राजनयिकों, सुरक्षाकर्मियों व अन्य भारतीयों को निकालने के लिए अमरीका की भी सहायता ली गई है। उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान पर तालिबान द्वारा अधिकार किए जाने के बाद से अमरीका और भारत सहित अन्य देश अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटे हुए हैं। इसके लिए अमरीका ने अपने 6,000 सैनिकों को भी तैनात किया हुआ है।

Published on:
22 Aug 2021 10:02 am