विश्‍व की अन्‍य खबरें

UAE में बन रहे भव्य मंदिर की अद्भूत तस्वीर आई सामने, अगले साल दिवाली तक होगा शुभारंभ

HIGHLIGHTS Dubai Hindu Temple: UAE के दुबई में बन रहे दिव्य और भव्य मंदिर की एक अद्भूत तस्वीर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दुबई में 75000 स्क्वायर फुट परिसर में इस मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2021, 10:17 PM IST
hindu_temple.png
Amazing Picture Of Grand Hindu Temple Being Built In Dubai, Will Be Opened Till Diwali Next Year

दुबई। जहां एक ओर दशकों की प्रतिक्षा के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है, वहीं भारत से बाहर एक मुस्लिम देश संयुक्त अरब अमीरात में भी भव्य हिन्दू मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

बताया जा रहा है कि अगले साल दिपावली तक इस हिंदू मंदिर का शुभारंभ कर लिया जाएगा। UAE के दुबई में बन रहे दिव्य और भव्य मंदिर की एक अद्भूत तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर के जरिए ही मंदिर की विशालता और भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दुबई में 75000 स्क्वायर फुट परिसर में इस मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। बीते साल अगस्त में ही कोरोना महामारी के दौरान इस मंदिर की नींव रखी गई थी। दुबई के सामुदायिक विकास प्राधिकरण के अनुसार, शहर के जेबेल अली इलाके में गुरु नानक सिंह दरबार के करीब ही इस मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। इस मंदिर का निर्माण दुबई में सिंधी गुरु दरबार का विस्तार है।

इस मंदिर में 11 देवी-देवताओं की होगी पूजा

बता दें कि सिंधी गुरु दरबार मंदिर दुबई स्थित हिंदुओं के पुराने मंदिरों में से एक है। इसकी शुरुआत 1950 के दशक में हुई थी। गल्फ न्यूज से बात करते हुए मंदिर के ट्रस्टियों में से एक ने रविवार को बताया कि यह मंदिर संयुक्त अरब अमीरात और दुबई में लोगों के खुले विचारों और मानसिकता की पहचान है।

उन्होंने आगे कहा कि 1950 के दशक में यह सिर्फ एक कमरे का मंदिर था, जो कि अब 75,000 स्क्वॉयर फुट के मंदिर और कम्युनिटी सेंटर में तब्दील हो गया है। ऐसा दुबई के शासकों की उदारता और खुले विचारों और सीडीए, दुबई के अभूतपूर्व समर्थन के बिना संभव नहीं हो पाता। खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मंदिर हिंदुओं के 11 देवी-देवताओं का घर होगा।

75,000 स्क्वॉयर फुट परिसर में बन रहा है यह मंदिर

खलीज टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि यह मंदिर पूरे 75,000 स्क्वायर फुट के विस्तृत इलाके में बन रहा है। इसमें से मंदिर के ढांचे का निर्माण 25,000 स्क्वॉयर फुट की जमीन पर हो रहा है। ढांचे में दो बेसमेंट होंगे, एक ग्राउंड फ्लोर होगा और एक फर्स्ट फ्लोर होगा।

इसके अलावा, मंदिर में एक 775 लोगों की क्षमता वाला 4,000 स्क्वॉयर फीट का बैंक्वेट हॉल भी होगा और एक 1,000 स्क्वॉयर फीट का मल्टीपर्पस रूम भी होगा। छोटे-मोटे समारोहों (100 लोगों के शामिल होने की क्षमता वाला) के लिए इस मल्टीपर्पस रूम का इस्तेमाल किया जाएगा।

Updated on:
25 Jan 2021, 10:17 PM IST
Published on: