
नई दिल्ली। आमतौर पर पुलिस वालों का नाम आते ही मन जो छबि बनती है वो होती है डर की। दरअसल ये छबि कुछ पुलिसवालों की वजह से बनती है, लेकिन कई पुलिसकर्मी ऐसे ही भी हैं जो अपनी ड्यूटी दिलोजान से करते हैं। एक ऐसे ही ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी का वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। ये वीडियो है चीन के एक इलाके का, जहां व्यस्त रोड पर एक बुजुर्ग को सड़क की एक ओर से दूसरी ओर ले जाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उन्हें अपनी पीठ पर बैठा लिया।
चीन में एक पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस पुलिसकर्मी ने ट्रैफिक लाइट पर एक बुजुर्ग को अपनी पीठ पर बैठाकर सड़क पार करवाई है। सोशल मीडिया पर इस घटना की जमकर चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि लोग ट्रैफिक पुलिसकर्मी की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। यह वीडियो चीन के सिचुआन प्रांत के मियांगयांग का है।
वीडियो में दिख रहा है कि चौराहे पर लाल बत्ती होने पर एक बुजुर्ग छड़ी के सहारे सड़क पार करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन काफी धीरे-धीरे वो अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को इस बात का एहसास हो जाता है कि इस गति वो तय समय में सड़क पार नहीं कर पाएगा। ऐसे में पुलिसकर्मी न सिर्फ इस बुजुर्ग को अपनी पीठ पर बैठा लेता है बल्कि उन्हें सड़क के दूसरी तरफ पहुंचा भी देता है। दरअसल बुजुर्ग की बीच सड़क पहुंचते ही सिग्नल लाल से हरा हो जाता है, लेकिन गाड़ियां बुजुर्ग को देखकर अपनी जगह पर ही खड़ी रहती हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत वहां पहुंचता है और बुजुर्ग का सहारा बन जाता है।
बुजुर्ग का सहारा बने इस ट्रैफिक पुलिसकर्मी की नेक दिली का यह पूरा वाकया चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पुलिसकर्मी की और उसकी संवेदनशीलता के लिए तारीफ की जा रही है।