
फ्लॉरेंस। एक बच्चे को बचाने के लिए पुलिस ने जब छापेमारी की तो उसे बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि उस पर अचानक ताबातोड़ गोलीबारी शुरू हो जाएगी। दक्षिण कैरलिना स्थित घर के पास पहुंचते ही सात पुलिकर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ। यह हमला इतना खतरनाक था कि घायल को ले जाने के लिए बुलेट प्रूफ वाहन का इस्तेमाल करना पड़ा। लॉरेंस काउंटी के शेरिफ मेजर माइक नुन ने बताया कि हमला करने वाले व्यक्ति ने बुधवार दोपहर को अपने घर में दो घंटे तक बच्चों को बंधक भी बना कर रखा। पुलिस को जब इस बात पता चला तो वह छापेमारी करने वहां पहुंची थी, मगर अचानक उन पर गोलियों की बरसात हो गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। बाद में संदिग्ध ने खुद को पुलिस हवाले कर दिया। उसे हिरासत में लेने के बाद बच्चे की सुरक्षित रिहाई संभव हो सकी। पुलिस अधिकारी गोलीबारी के कुछ घंटों बाद मीडिया से बात करने के दौरान रो पड़े। फ्लॉरेंस पुलिस प्रमुख ने कहा कि इस गोलीबारी में उन्होंने अपने एक दोस्त को खो दिया जो बहुत बहादुर था। उन्होंने कहा कि वह उन्हें 30 सालों से जानते थे।
हमला अप्रत्याशित था
फ्लॉरेंस पुलिस प्रमुख एलन हेडलर ने कहा कि वह चाहते है कि लोग इस घटना में जान गंवाने वाले बहादुर पुलिस अधिकारी के परिवार के लिए प्रार्थना करें। फ्लॉरेंस शहर के प्रवक्ता जॉन वुकेला ने बुधवार देर रात को टेरेंस कैरवे (52) की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा हमला अप्रत्याशित था। इसके कारण पुलिसकर्मी इसे भांप नहीं सके। उन्होंने बताया कि हमलावर को हिरासत में भेज दिया है। उससे पूछताछ जारी है।