Moradabad News: मुरादाबाद के हरियाना गांव में निर्माणाधीन मकान के गटर में भरे पानी में गिरकर तीन साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
3 year old girl drowned in Gutter:मुरादाबाद जिले के हरियाना गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन मकान में बने गटर के गड्ढे में पानी भरने के बाद उसे खुला छोड़ दिया गया था। इसी दौरान तीन साल की मासूम अदीबा घर के आंगन में खेलते-खेलते उस गड्ढे में जा गिरी। पानी से भरे गटर में डूबने के कारण बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हरियाना गांव निवासी गय्यूर का मकान निर्माणाधीन है। घर में गटर का गड्ढा बनाया गया था और लीकेज जांचने के लिए उसमें पानी भर दिया गया था। लेकिन गड्ढे को ढका नहीं गया, जिससे वह खुले खतरे में तब्दील हो गया। मासूम अदीबा खेलते-खेलते उसी तरफ चली गई और अनजाने में गहरे गड्ढे में गिर गई।
जब काफी देर तक अदीबा घर में नजर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोग बच्ची को इधर-उधर ढूंढने लगे। पूरे घर और आसपास तलाश के बाद परिजन जब गटर के पास पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। गड्ढे में भरे पानी के ऊपर अदीबा का शव उतराता देख परिजनों की चीखें निकल पड़ीं।
परिजन आनन-फानन में बच्ची को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता गहरे सदमे में हैं। घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे हरियाना गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे, लेकिन मासूम की मौत का गम हर किसी की आंखें नम कर गया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान गड्ढों को खुला छोड़ना बच्चों के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों से अपील की है कि निर्माणाधीन मकानों में बने गड्ढों और टैंकों को सुरक्षित तरीके से ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। एक छोटी-सी लापरवाही ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी।