मुरादाबाद

सर्दी का रिकॉर्ड टूटा: कोहरे में डूबा पश्चिमी यूपी, अमरोहा से मुरादाबाद तक जनजीवन ठप; ठंड के चलते स्कूल बंद

UP Weather Update: पश्चिमी यूपी में सीजन की सबसे ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। अमरोहा और मुरादाबाद में विजिबिलिटी शून्य होने से यातायात प्रभावित हुआ, तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिरा और ठंड के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।

2 min read
सर्दी का रिकॉर्ड टूटा: कोहरे में डूबा पश्चिमी यूपी | AI Generated Image

Coldest Day Western UP: बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अमरोहा जिले में सुबह से ही घने कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता लगभग शून्य हो गई। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और नेशनल हाईवे पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। चालकों को डिपर, हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। कोहरे के साथ बढ़ी ठंड ने आम लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया।

ये भी पढ़ें

पति, पंचायत और पुलिस सब रह गए पीछे… इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत में पत्नी ने चुना प्रेमी

अलाव का सहारा, छोटे कारोबार पर असर

घने कोहरे और शीतलहर के चलते ग्रामीण और शहरी इलाकों में जगह-जगह लोग अलाव तापते दिखे। रिक्शा चालक, ठेले वाले और छोटे व्यापारियों को अत्यधिक ठंड की वजह से कामकाज में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार को अमरोहा में दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया।

पहाड़ों की ठंडी हवाएं, मुरादाबाद में गिरा पारा

पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मुरादाबाद में भी पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक घने कोहरे और शीतलहर का असर बना रह सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।

पांच साल का रिकॉर्ड टूटा, 17 दिसंबर बना सबसे ठंडा दिन

मुरादाबाद में 17 दिसंबर 2025 का दिन पिछले पांच वर्षों में सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। यहां दिन का तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2019 में 17 दिसंबर को दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक गिरा था। छह साल बाद एक बार फिर दिसंबर की सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया।

यात्रियों की संख्या घटी, बसें खाली-खाली

कड़ाके की ठंड का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी साफ दिखा। बसों में यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई। चालक और परिचालक 20 से 25 यात्रियों के साथ ही फेरे पूरे करते नजर आए। मुरादाबाद बस अड्डा इंचार्ज किरण पाल सिंह के अनुसार पिछले दो दिनों में यात्रियों की संख्या में लगातार कमी आई है और 30 से 35 यात्री भी बसों में भरना मुश्किल हो रहा है। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं।

ठंड के चलते स्कूलों के समय में बदलाव

अत्यधिक ठंड और घने कोहरे को देखते हुए मुरादाबाद में स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। अब कक्षा नर्सरी से आठ तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त बोर्ड के स्कूल सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

रामपुर में अवकाश, संभल में भी बदला समय

कड़ाके की ठंड को देखते हुए रामपुर जिले में कक्षा आठ तक के स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। अब जिले के स्कूल 22 दिसंबर को खुलेंगे। वहीं मुरादाबाद और संभल में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। संभल की बीएसए अलका शर्मा ने भी कक्षा आठ तक के स्कूलों का संचालन सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक करने के आदेश जारी किए हैं।

Also Read
View All

अगली खबर