मुरादाबाद

मुरादाबाद के प्लॉट-फ्लैट आवंटियों के लिए राहत की बड़ी सौगात: OTS योजना से घटेगा ब्याज का बोझ

Moradabad News: मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने डिफॉल्टर आवंटियों के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना शुरू की है, जिसके तहत अब कंपाउंड इंटरेस्ट की जगह सिंपल इंटरेस्ट लिया जाएगा।

2 min read
मुरादाबाद के प्लॉट-फ्लैट आवंटियों के लिए राहत की बड़ी सौगात..

MDA Discount Plots Flats: मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने लंबे समय से किश्तें न चुका पाने वाले आवंटियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर ‘वन टाइम सेटलमेंट’ (ओटीएस) योजना को मंजूरी दी गई है, जो 18 अप्रैल से प्रभावी हो चुकी है और अगले तीन महीनों तक लागू रहेगी। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को राहत देना है, जिन्होंने आवासीय, व्यावसायिक या मिक्स्ड लैंड यूज के तहत प्लॉट और फ्लैट तो आवंटित कराए हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से भुगतान में पीछे रह गए हैं।

ये भी पढ़ें

अमरोहा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, 28 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल, डीएम के सख्त निर्देश

चक्रवृद्धि ब्याज से मिली मुक्ति का बड़ा फायदा

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब आवंटियों को भारी-भरकम चक्रवृद्धि ब्याज (कंपाउंड इंटरेस्ट) का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। इसके स्थान पर केवल साधारण ब्याज (सिंपल इंटरेस्ट) ही देना होगा। इससे हजारों आवंटियों को सीधी आर्थिक राहत मिलेगी, जो लंबे समय से अपनी संपत्ति का पूर्ण स्वामित्व पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। प्राधिकरण का मानना है कि यह कदम न सिर्फ जनता के लिए राहत लेकर आएगा, बल्कि बकाया राजस्व की वसूली को भी तेज करेगा।

30 दिन में भुगतान पर 3% अतिरिक्त छूट का लाभ

एमडीए ने इस योजना में त्वरित भुगतान करने वालों के लिए अतिरिक्त लाभ भी रखा है। यदि कोई आवंटी आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर अपनी पूरी बकाया राशि एकमुश्त जमा करता है, तो उसे कुल देय राशि पर 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यह सुविधा उन लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो जल्द अपने बकाया निपटाकर आर्थिक बोझ कम करना चाहते हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है।

किस्तों में भुगतान की आसान सुविधा भी उपलब्ध

जो आवंटी एक साथ पूरी राशि जमा नहीं कर सकते, उनके लिए प्राधिकरण ने आसान किस्तों की सुविधा भी दी है। ऐसे आवंटी कुल बकाया का एक-तिहाई हिस्सा तुरंत जमा कर सकते हैं और बाकी दो-तिहाई राशि को आगामी दो महीनों की आसान किश्तों में जमा कर सकते हैं। इससे उन लोगों को भी राहत मिलेगी जो एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थ हैं, लेकिन अपने आवंटन को सुरक्षित रखना चाहते हैं।

प्राधिकरण का बयान और योजना का असर

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार वर्मा ने बताया कि यह योजना ऐसे सभी आवंटियों के लिए है जो डिफॉल्टर घोषित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस ओटीएस योजना से न केवल लोगों को राहत मिलेगी बल्कि शहर के विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। साथ ही प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति भी मजबूत होगी, जिससे भविष्य की परियोजनाओं को गति मिल सकेगी।

Also Read
View All