Brother Kills Sister Moradabad: मुरादाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां इंजीनियर भाई ने अपनी एमबीए पास जुड़वा बहन हिमशिखा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और मां पर भी जानलेवा हमला किया।
Moradabad Himshikha Murder Case:उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक युवक ने अपनी ही जुड़वा बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और अपनी मां पर भी जानलेवा हमला कर दिया। घटना इतनी भयावह थी कि इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी बहन पर 40 से अधिक बार चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस नृशंस वारदात के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और कई टीमें उसे पकड़ने के लिए लगाई गई हैं।
यह सनसनीखेज घटना मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर-2 की है। यहां रहने वाले बीटेक पास युवक हार्दिक ने शुक्रवार दोपहर अपनी 25 वर्षीय जुड़वा बहन हिमशिखा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हिमशिखा एमबीए करने के बाद गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर काम कर रही थी। दोनों भाई-बहन होली की छुट्टी के लिए घर आए हुए थे और उसी दिन उन्हें वापस गुरुग्राम लौटना था। लेकिन उससे पहले ही घर के अंदर यह खौफनाक घटना हो गई।
बहन की हत्या करने के बाद आरोपी हार्दिक का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी मां नीलिमा के ऑफिस पहुंचा और उन्हें किसी बहाने से घर बुलाकर ले आया। घर पहुंचते ही उसने मां पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में नीलिमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नीलिमा मूल रूप से बदायूं जिले की रहने वाली हैं और वह एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। करीब तीन दशक पहले वह अपने पति इंद्रजीत के साथ बदायूं से मुरादाबाद आकर बस गई थीं। हालांकि कुछ साल पहले दोनों पति-पत्नी के बीच मतभेद हो गए और वे अलग-अलग रहने लगे। नीलिमा पिछले दो साल से मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर-2 में किराए के मकान में रह रही थीं।
नीलिमा के जुड़वा बच्चे हिमशिखा और हार्दिक गुरुग्राम के सेक्टर-10 में साथ रहते थे। हिमशिखा ने मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करने के बाद गुरुग्राम की एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में नौकरी शुरू की थी। वहीं हार्दिक ने बीटेक की पढ़ाई के बाद कुछ समय तक गूगल में काम किया था। लेकिन कुछ महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी और यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। परिवार के लोग बताते हैं कि नौकरी छोड़ने के बाद उसका व्यवहार कुछ बदला-बदला सा रहने लगा था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मां नीलिमा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि हार्दिक का एक लड़की से प्रेम संबंध था। करीब सात से आठ महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से ही हार्दिक का स्वभाव काफी चिड़चिड़ा और आक्रामक हो गया था। वह अक्सर उदास और गुस्से में रहता था और किसी से ठीक से बात नहीं करता था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह मानसिक तनाव में भी रहने लगा था।
तहरीर के अनुसार शुक्रवार को हिमशिखा अपने भाई को समझाने की कोशिश कर रही थी। वह उसे शांत रहने और जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह दे रही थी। लेकिन इसी दौरान हार्दिक अचानक गुस्से में आ गया और उसने बहन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हिमशिखा उस समय कमरे में बेड पर लेटी हुई थी। आरोपी ने पहले उसकी गर्दन पर वार किया और फिर लगातार चाकू से कई वार किए। हमले की क्रूरता से साफ होता है कि वह बेहद गुस्से में था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले बहन की गर्दन पर चाकू से हमला किया और फिर उसे बेड से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसने उसके शरीर पर पेट से लेकर चेहरे तक लगातार कई बार चाकू से वार किए। इस दौरान उसने लगभग 40 से ज्यादा वार किए। इतनी नृशंस हत्या से पूरे इलाके के लोग दहशत में हैं। शांत माने जाने वाले इस इलाके में ऐसी घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार लेकर घर से भाग गया। पुलिस के अनुसार वह तेज रफ्तार में मोहल्ले से निकलकर दिल्ली रोड की ओर गया। जांच के दौरान उसकी कार अमरोहा के अतरासी टोल प्लाजा और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। CO कुलदीप कुमार गुप्ता के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।