मुरादाबाद

मुरादाबाद में तेज रफ्तार बस ने बाइक में मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 2 लोगों की हालत गंभीर

Moradabad Accident: मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

3 min read
moradabad bus bike accident one dead two injured
मुरादाबाद में बस की टक्कर से युवक की मौत

Moradabad Bus Bike Accident: यूपी के मुरादाबाद जिले के भगतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार प्राइवेट बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सिरसवा हरचन्द गांव के मोड़ पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर भीला निवासी सोनू अपने दो दोस्तों हुसैन और रहीम के साथ मोटरसाइकिल से जनपद रामपुर के टांडा क्षेत्र में काम करने के लिए जा रहा था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे, जब उनकी बाइक भगतपुर थाना क्षेत्र के सिरसवा हरचन्द गांव के मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति काफी तेज थी, जिसके कारण बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

टक्कर के बाद सड़क पर बिखर गए तीनों युवक

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही तीनों युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायल युवकों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर तीनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा पहुंचाया। सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

गंभीर हालत में अस्पताल किया गया रेफर

सीएचसी टांडा में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फोटोन अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सोनू की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हुसैन और रहीम का इलाज जारी है। दोनों की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

परिवार में मचा कोहराम

सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि सोनू रोज की तरह काम पर निकला था, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक के भाई महेंद्र ने थाना भगतपुर में तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बस कब्जे में, फरार चालक की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।