
मुरादाबाद के डबल फाटक इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों और सामाजिक सोच पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसे पत्नी का 'जिम जाना' पसंद नहीं था। इस मामूली सी बात ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया और एक मासूम बच्ची के सिर से मां का साया छीन लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी शोभित गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो वजह बताई, उसे सुनकर हर कोई हैरान है। शोभित ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम अपनी फिटनेस को लेकर जागरूक थी और जिम जाती थी। शोभित को पूनम के जिम जाने से सख्त नफरत थी। हालांकि, उसने स्पष्ट किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर कोई शक नहीं था, लेकिन जिम के माहौल और वहां के ट्रेनर्स को लेकर उसके मन में एक अजीब सा डर और असुरक्षा की भावना घर कर गई थी। उसे लगता था कि जिम का माहौल उसकी पत्नी को 'बिगाड़' रहा है।
घटना वाले दिन, 22 अप्रैल को शोभित और पूनम के बीच इसी बात को लेकर फिर से विवाद हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि शोभित ने आपा खो दिया। उसने दुकान के शटर में इस्तेमाल होने वाला लोहे का भारी हैंडल उठाया और पूनम के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद शोभित ने शातिर अपराधी की तरह सबूत मिटाने और मामले को हादसे का रूप देने की साजिश रची। उसने पूनम के शव को बेड पर लिटा दिया और कई घंटों तक सामान्य बने रहने का नाटक किया। शाम को उसने खुद ही डायल 112 और एंबुलेंस को फोन किया और झूठी सूचना दी कि उसकी पत्नी घर में गिर गई है और घायल है।
लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसे कमरे के बिखरे सामान और पूनम के सिर पर लगे गहरे जख्म को देखकर शक हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और क्राइम सीन के मुआयने के बाद पुलिस ने जब शोभित से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका और उसने पूरी हकीकत बयां कर दी।
इस हत्याकांड का सबसे दुखद पहलू इनकी 7 साल की मासूम बेटी है। पिता की सनक और गुस्से ने उसकी मां को हमेशा के लिए उससे छीन लिया, जबकि पिता अब जेल की सलाखों के पीछे है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।