
Police Encounter Moradabad:यूपी के मुरादाबाद जिले के थाना मझोला क्षेत्र में 01 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस घटना में कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, जिसमें पीड़ित विवेक चौधरी के बाएं कंधे पर गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में वादी धनिराम पुत्र स्वर्गीय पंचमलाल निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना सिविल लाइन्स, जनपद मुरादाबाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अभियुक्तों ने एक राय होकर उसके पुत्र विवेक और उसके साथी आर्यन चौधरी पर जानलेवा हमला किया और धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मझोला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना मझोला में मु0अ0सं0-538/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया।
SSP मुरादाबाद के निर्देशन में मझोला पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान 27 जून 2026 को वांछित आरोपी अंकित यादव पुत्र राजा सिंह निवासी हरथला हिमगिरी कॉलोनी, थाना सिविल लाइन्स को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के घायल होने के बाद उसे पुलिस ने हिरासत में लिया। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इससे पहले एक अन्य नामजद इनामी आरोपी को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मझोला, सिविल लाइन्स और मैनाठेर थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में सात से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से इलाके में सक्रिय अपराधी के रूप में चिन्हित था और उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।