Moradabad Accident News Today: मुरादाबाद में रक्षाबंधन के दिन रामगंगा पुल पर हुए सड़क हादसे में मायके जा रही 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और भाई घायल हो गए। पुलिस आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।
Moradabad raksha bandhan road accident woman death: यूपी के मुरादाबाद में रक्षाबंधन के मौके पर खुशियों भरा सफर अचानक मातम में बदल गया। कटघर थाना क्षेत्र के रामगंगा पुल पर बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका चार वर्षीय बेटा और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान प्रिया (24) पत्नी विशाल कुमार, निवासी खजूरी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। प्रिया अपने भाई प्रिंस के साथ दिल्ली से अपने मायके, नाजरपुर अक्कापांडे (थाना मूंढापांडे) जा रही थी, ताकि रक्षाबंधन का त्योहार अपने परिवार के साथ मना सके। उनके साथ प्रिया का चार वर्षीय बेटा रुद्र भी था।
जानकारी के अनुसार, रामगंगा पुल पार करते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके भाई प्रिंस को दलपतपुर अस्पताल और बेटे रुद्र को गांधी नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
परिवार ने बताया कि प्रिया की शादी पांच साल पहले नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के खजूरी निवासी फिजियोथेरेपिस्ट विशाल कुमार से हुई थी। वह अपने मायके सिर्फ त्योहारों और विशेष मौकों पर आती थी। इस बार भी वह भाई के बुलाने पर आई थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतका के परिवार से तहरीर लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने रक्षाबंधन के दिन एक खुशहाल परिवार को हमेशा के लिए गमगीन कर दिया।