Moradabad News: मुरादाबाद से पहली बार महिला के सिर सांसदी का ताज सजा है। सपा की रुचि वीरा (Ruchi Veera) ने भाजपा के पूर्व सांसद सर्वेश सिंह को एक लाख से अधिक वोटों से हराया है।
Ruchi Veera Moradabad: मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र पर इस बार नया इतिहास सपा प्रत्याशी रुचि वीरा (Ruchi Veera) ने रचा। वह एक लाख से अधिक मतों से जीतकर मुरादाबाद लोकसभा सीट की पहली महिला सांसद बनीं। रुचि वीरा ने भाजपा के सर्वेश सिंह को एक लाख से अधिक मतों से हराकर बाजी जीती। यह जीत 2019 के चुनाव से मतों के लिहाज से बड़ी है। बसपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। वह एक लाख वोट भी पाने में कामयाब नहीं हो सके।
बिजनौर निवासी रुचि वीरा (Ruchi Veera) ने सपा के टिकट पर कांग्रेस के गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा और कुल 637363 मत हासिल कर 105762 मतों से भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद सर्वेश सिंह को हराया। सर्वेश सिंह को 531601 मत मिले। मुरादाबाद में पहले चरण में हुए चुनाव में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। मतदान के अगले ही दिन भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का बीमारी के चलते दिल्ली के एम्स में निधन हो गया था। तब से अटकलें लग रही थीं कि मुरादाबाद में उपचुनाव होगा या फिर पहली बार महिला सांसद चुनी जाएंगी।
मतगणना के बाद पर्दा उठ गया और रुचिवीरा ने इतिहास रच दिया। यह सब उन्होंने तब कर दिखाया जब सिटिंग एमपी डा. एसटी हसन का टिकट काट कर मुरादाबाद में पार्टी ने रुचि वीरा (Ruchi Veera) को टिकट दिया तो सपा के एक धड़े ने विरोध किया। इसके बाद भी गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में सपा और कांग्रेस के मतदाताओं ने जबरदस्त मतदान करके जिता दिया। बसपा प्रत्याशी इस बार एक लाख वोट भी हासिल नहीं कर सका। बसपा के इरफान सैफी को 92313 वोट मिले। वह तीसरे नंबर रहे। 2019 में बसपा और सपा का गठबंधन था और तब भी सपा ने सीट जीती थी। इस बार कुल 12 प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में उपरोक्त तीन प्रत्याशियों के अलावा कोई भी अपनी जमानत नहीं बचा सका।