मुरादाबाद

Hajj 2025: हज यात्री कृपया ध्यान दें, साथ न ले जाएं ये वस्तुएं, नियम तोड़ने पर हो सकती है यात्रा रद्द

Hajj 2025: सऊदी अरब की सख्त नियमावली के तहत हज यात्रियों को जायफल, खसखस, तंबाकू उत्पाद जैसे बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि ले जाने से मना किया गया है।
2 min read
Strict instructions for Hajj 2025 pilgrims
Hajj 2025: हज यात्री कृपया ध्यान दें, साथ न ले जाएं ये वस्तुएं..

Hajj 2025 News: हज यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों को सऊदी अरब के कानूनों के अनुसार कुछ वस्तुएं अपने साथ ले जाने से साफ मना किया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में विशेष रूप से जायफल, खसखस और तंबाकू उत्पादों जैसे बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि को प्रतिबंधित बताया गया है। यह वस्तुएं वहां के कानूनों के तहत अपराध की श्रेणी में आती हैं और इनके साथ पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लग सकता है, बल्कि हज यात्रा भी रद्द की जा सकती है।

फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा रही जानकारी

मुरादाबाद जिले के हज ट्रेनर मुख्तार असलम और फैजान अतहर ने बताया कि दिल्ली से जेद्दा जाने वाले हज यात्रियों के सामान की जांच के दौरान कई बार प्रतिबंधित सामग्री पाई गई है। इसीलिए यात्रियों को पहले ही फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए इस बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 मई को मुरादाबाद से लगभग 500 हज यात्री दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होंगे।

स्वाद बढ़ाने वाले मसाले ले जाना भी जुर्म

हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पकवान को स्वादिष्ट बनाने के लिए आमतौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले मसाले जैसे जायफल और खसखस साथ लेकर न जाएं। सऊदी अरब में इन मसालों पर भी प्रतिबंध है और इन्हें अवैध वस्तुओं की श्रेणी में रखा गया है।

ये वस्तुएं साथ ले जाना है पूरी तरह वर्जित

राज्य हज समिति की सूची के अनुसार, निम्नलिखित वस्तुएं सऊदी अरब ले जाना प्रतिबंधित है- खसखस, जायफल व उसका पाउडर, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटखा, सभी प्रकार की नशीली गोलियां व दवाएं, नकली मुद्रा, अश्लील सामग्री वाली डिस्क व डिवाइस, आतिशबाजी और हथियार, गुप्त कैमरा व उपकरण, बिजली के झटके देने वाले डिवाइस, स्पीड डिटेक्टर, गैर-पंजीकृत यौन टॉनिक, लोशन व औषधियां, सरकार-विरोधी या नियमविरुद्ध साहित्य।

नियमों का पालन अनिवार्य

हज ट्रेनरों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सऊदी अरब के नियमों का सख्ती से पालन करें। किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को ले जाना न सिर्फ स्वयं यात्री के लिए जोखिम भरा है, बल्कि इससे पूरे समूह की यात्रा भी प्रभावित हो सकती है।

Published on:
24 May 2025 09:05 am
Also Read
View All