UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे ने आम लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने 40 जिलों में कोहरे और ठंड के चलते अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।
UP Weather Alert 40 Districts: उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं और घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के प्रमुख शहरों में दिन में हल्की धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन रात के समय गलन और ठिठुरन ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर और बढ़ सकता है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई। प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद और आगरा में विजिबिलिटी लगभग जीरो तक पहुंच गई, जबकि इटावा, अलीगढ़ और वाराणसी में दृश्यता केवल 50 मीटर तक दर्ज की गई। खासतौर से इटावा में तापमान सबसे कम दर्ज किया गया, जिससे वहां की रातें बेहद ठंडी रही।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने 40 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इनमें मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, आगरा, इटावा, प्रयागराज और मिर्जापुर में अत्यधिक कोहरे के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, संभल, बांदा, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, मैनपुरी, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, कौशांबी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और सौनभद्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान इटावा में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कानपुर नगर में 7.2 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 7.4 डिग्री, बाराबंकी और प्रयागराज में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान बहराइच में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, इसके बाद आजमगढ़ में 26 डिग्री, गोरखपुर में 25.9 डिग्री, फुरसतगंज में 25.7 डिग्री और अयोध्या में 25.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर और अधिक महसूस होगा। हालांकि, तेज हवाओं के चलते कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।