UP Weather: उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी है। नोएडा से मुरादाबाद तक ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Noida Moradabad:उत्तर प्रदेश इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ से लेकर मुरादाबाद, संभल और अमरोहा तक ठंड का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छा जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की जा रही है। कई स्थानों पर यह स्थिति इतनी गंभीर है कि सड़क पर चल रहे वाहनों को लाइट जलाकर धीमी रफ्तार में चलना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से हाईवे, एक्सप्रेसवे और शहरी सड़कों पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। रेल और बस सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंड का प्रकोप कम होने के आसार नहीं हैं। पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में कहीं-कहीं घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने साफ किया है कि दिन में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा परेशान करता रहेगा।
25 दिसंबर से प्रदेश में एक बार फिर कोहरे का असर तेज होने की चेतावनी दी गई है। 27 दिसंबर तक कई जिलों में अत्यंत घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच सकती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी खास सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 16 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बरेली, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और संत कबीर नगर शामिल हैं। इन जिलों में लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों में बलरामपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं और बाजारों में भी दिनभर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
राजधानी लखनऊ, मेरठ, आगरा, प्रयागराज के साथ-साथ धर्मनगरी वाराणसी में भी शीतलहर का जबर्दस्त असर देखने को मिला। वाराणसी में अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इटावा, शाहजहांपुर, बुलंदशहर, कानपुर, गाजियाबाद और बरेली भी प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में शामिल रहे।