मुरैना

Morena News: कुछ पल में उजड़ा परिवार, महिला पुकारती रही और दुनिया छोड़ गए पति-बेटा

Father Son Drowning: बाबू महाराज मंदिर में दर्शन करने ग्वालियर से आया था परिवार, नहाते वक्त पैर फिसलने से चंबल नदी में डूबे पिता-पुत्र।
2 min read
Sep 13, 2026
Morena Father Son Drowning
chambal river father son drowning, पति-बेटे के डूबने के बाद रोती महिला (Source-Patrika)

Morena Father Son Drowning: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला की आंखों के सामने कुछ ही पल में उसका परिवार उजड़ गया। महिला पुकारती रही और पति व बेटा उसे हमेशा के लिए छोड़कर चले गए। महिला अपने पति व बेटे के साथ कैलारस में बाबू महाराज मंदिर के वार्षिक जात मेले में शामिल होने ग्वालियर से करजोनी पहुंची थी। नहाते वक्त पैर फिसलने से पिता-पुत्र चंबल नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पहले पिता और फिर शाम करीब चार बजे पुत्र का शव बरामद किया गया।

महिला के सामने डूबे पति-बेटा

ग्वालियर के चंदनपुरा, बिरला नगर के रहने वाले देवेन्द्र सिंह सिकरवार (46) अपनी पत्नी और पुत्र वंशु सिंह सिकरवार (15) के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे करजोनी पहुंचे थे। बाबू महाराज मंदिर में जात करने के बाद देवेन्द्र सिंह अपने पुत्र के साथ मचेला घाट पर चंबल में स्नान करने उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। कुछ देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर साथ मौजूद महिला ने लोगों को जानकारी दी। लोगों ने नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पहले पिता और फिर बेटे का शव मिला

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद देवेन्द्र सिंह का शव बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने वंशु की तलाश जारी रखी और करीब चार घंटे बाद शाम चार बजे उसका शव भी मिल गया। एसडीओपी कैलारस उमेश मिश्रा ने बताया कि मचेला घाट पर चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने चार घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद दोनों शव बरामद कर लिए।

Updated on:
13 Sept 2026 09:45 pm
Published on:
13 Sept 2026 09:45 pm