मुरैना

मां-बेटी ने चाय के साथ खाए सात-आठ टोस्ट, पैकेट खाली होते ही उड़े होश, घबराकर पहुंचीं अंबाह अस्पताल

Lizard Found in Toast Packet Morena: पारिवारिक शोक के कारण घर में नहीं बना था खाना, मां-बेटी ने भूख मिटाने के लिए चाय के साथ बैठकर खाए टोस्ट तभी पैकेट के खाली होते ही उसमें मरी हुई छिपकली नजर आई।
2 min read
Jul 22, 2026
morena
dead lizard found in toast packet, चाय टोस्ट की प्रतीकात्मक तस्वीर और इनसेट में मरी हुई छिपकली (Source- Patrika)

Morena Lizard Found in Toast Packet: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह में टोस्ट के पैकेट में मरी हुई छिपकली निकलने का मामला सामने आया है। मां-बेटी ने पैकेट में रखे सात-आठ टोस्ट खा लिए थे और इसके बाद जब उनकी नजर पैकेट में पड़ी मरी छिपकली पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। घबराई मां-बेटी तुरंत सिविल अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टर्स ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया और अपनी निगरानी में रखा है। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

टोस्ट खाने के बाद पैकेट में दिखी मरी छिपकली

अम्बाह शहर के खजूरी रोड स्थित गली नंबर-3 में रहने वाली रंजना भदौरिया के घर पारिवारिक शोक के कारण भोजन नहीं बना था। उनकी 13 वर्षीय बेटी अदिति पास की किराना दुकान से पैक्ड टोस्ट का पैकेट खरीदकर लाई थी। मां रंजना और बेटी अदिति ने चाय के साथ करीब सात-आठ टोस्ट खा लिए। इसके बाद जब पैकेज खाली हुआ तो पैकेट में उन्हें मरी हुई छिपकली नजर आई। पैकेट में मरी छिपकली देख मां-बेटी के होश उड़ गए और वो घबरा गईं।

मां-बेटी पहुंची अस्पताल

पैकेट में मरी हुई छिपकली देखकर घबराईं मां बेटी रंजना और अदिति तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचीं। वहां उन्होंने डॉक्टरों को पूरी बात बताई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया। हालांकि दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर उन्हें अभी डॉक्टर अपनी निगरानी में रखे हुए हैं। इधर घटना की सूचना मिलते ही संबंधित दुकानदार और टोस्ट कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर जांच कराने की बात कही है।

खाद्य अधिकारी ने लिया सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार ने बताया कि टोस्ट के पैकेट में मरी छिपकली निकलने की शिकायत पर खजूरी रोड अम्बाह जिला- मुरैना स्थित अजय किराना का निरीक्षण किया गया। दुकान से टोस्ट का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच हेतु लिया गया है। नमूना जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल को भेजा जाएगा व नमूना जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Updated on:
22 Jul 2026 05:07 pm
Published on:
22 Jul 2026 05:07 pm