मुरैना

Morena News: भाई की कलाई तक नहीं पहुंची बहन की राखी, रक्षाबंधन से एक दिन पहले हादसा

Piyush Sharma Road Accident: कमतरी मंदिर में सावन के अंतिम अभिषेक के लिए दोस्तों के साथ निकले थे, वित्तपुरा पुलिया पर बाइक सवार को बचाने में फॉर्च्यूनर नहर में गिरी, 3-4 बार पलटी।
2 min read
Aug 27, 2026
english teacher piyush sharma dies road accident
english teacher piyush sharma dies fortuner road accident, घटनास्थल पर पलटी हुई फॉर्च्यूनर और मृतक पीयूष शर्मा (Source-Patrika)

Morena Piyush Sharma Morena Road Accident: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह में जिस भाई की कलाई पर रक्षाबंधन के दिन बहन राखी बांधने वाली थी, उसकी कलाई तक इस बार राखी पहुंच ही नहीं सकी। रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अंबाह के अंग्रेजी शिक्षक पीयूष शर्मा (32) पुत्र मुन्ना शर्मा, निवासी पूठ रोड वार्ड-2 की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पीयूष के घर में मातम पसरा हुआ है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सावन के आखिरी अभिषेक में शामिल होने जा रहे थे

पीयूष दोस्तों के साथ फॉर्च्यूनर से कमतरी मंदिर में सावन के अंतिम अभिषेक में शामिल होने जा रहे थे। वित्तपुरा पुलिया के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाए। ब्रेक लगते ही फॉर्च्यूनर सड़क पर स्लिप होकर अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी। कार ने नहर में 3-4 बार पलटी खाई। हादसे के चश्मदीद राजू तोमर पटेल ने बताया कि वित्तपुरा पुलिया के पास अचानक बाइक सवार सामने आ गया था। उसे बचाने के लिए फॉर्च्यूनर चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन कार स्लिप होकर नहर में जा गिरी और 3-4 बार पलट गई। हादसा देखकर उन्होंने आसपास मौजूद चरवाहों के साथ मिलकर कार सवारों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

कार की अगली सीट पर बैठे थे पीयूष

पीयूष कार की अगली सीट पर बैठे थे। उनकी तरफ का शीशा खुला था, जबकि बाकी सवारियों की तरफ के शीशे बंद थे। कार पलटने के दौरान वे खुले शीशे की तरफ से बाहर निकल गए, गंभीर हालत में साथी व स्थानीय लोग तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल अंबाह लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। कार में सवार भोलू गुधेनिया, नवनीत उपाध्याय, अरविंद शर्मा और सागर सिंह को हाथ-पैरों में मामूली चोटें आई हैं।

पिता की इकलौते बेटे थे पीयूष

पीयूष अपने पिता मुन्ना शर्मा के इकलौते बेटे थे। परिवार में मां, शादीशुदा बहन, पत्नी राधा शर्मा, पांच साल की बेटी और पांच महीने का बेटा है। हादसे ने एक परिवार से एक साथ कई रिश्ते छीन लिए। मां ने बेटा, पत्नी ने जीवनसाथी, बहन ने भाई और दो मासूम बच्चों ने पिता खो दिया। रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना ने परिवार की त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार और परिचितों की आंखें नम रहीं।

600-700 विद्यार्थियों के बीच थी अलग पहचान

पीयूष अंबाह में अंग्रेजी विषय के चर्चित शिक्षकों में शामिल थे। करीब 600 से 700 विद्यार्थी उनसे पढ़ते थे। वे अंग्रेजी पढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को करियर और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते थे। सोशल मीडिया पर मोटिवेशनल वीडियो बनाकर भी वे विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते थे। हादसे की खबर मिलने के बाद से पीयूष के विद्यार्थियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Updated on:
27 Aug 2026 08:14 pm
Published on:
27 Aug 2026 08:14 pm