
Morena Firing Case Rahul Mishra: मध्यप्रदेश के मुरैना में 21 जून की रात आजाद नगर इलाके में रहने वाले सूरज यादव के घर हुई फायरिंग के मामले में नया मोड़ आया है। फायरिंग के आरोपी राहुल मिश्रा ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उसने फायरिंग करने की बात कबूल करते हुए सूरज यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं आरोपी राहुल मिश्रा ने साफ-साफ कहा है कि सूदखोर सूरज यादव ने उसकी जिंदगी तबाह कर दी है, अब या तो वो सुसाइड करेगा या फिर सूदखोर का अंत।
आरोपी राहुल मिश्रा ने जो वीडियो बनाकर वायरल किया है वो करीब 3 मिनट 20 सेकंड का है। इस वीडियो में उसने बताया कि सूरज यादव से उसने पैसे उधार लिए थे, जिन्हें 2 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटा भी दिया था। लेकिन इसके बावजूद सूरज उससे 20 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से पैसे मांग रहा था। ज्यादा ब्याज देने से मना किया तो मेरे साथ मारपीट की और जबरन मेरी कार का एग्रीमेंट करा लिया। मैंने पुलिस में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सूरज यादव मुझे लगातार प्रताड़ित करता था, कहता था मेरे पास बहुत पैसा है, पुलिस तेरी नहीं सुनेगी। सूरज गुंडे लेकर आया और मुझसे मेरी कार छीनकर ले गया, मैंने डायल 100 पर फोन किया लेकिन पुलिस नहीं आई। पुलिस के न आने पर मैं समझ गया कि अब खुद ही लड़ाई लड़नी होगी।
वीडियो में आरोपी राहुल मिश्रा ये भी कह रहा है कि सूरज यादव के घर पर गोलियां चलाने के बाद पुलिस इतनी एक्टिव हो गई है कि मेरे माता-पिता को परेशान कर रही है। अपराध मैंने किया है तो मेरा एनकाउंटर करो। अब या तो मैं खुद सुसाइड करूंगा या फिर सूदखोर का अंत करूंगा, इन दोनों में से एक चीज होगी। राहुल मिश्रा ने कहा है कि अगर मुझे या सूरज यादव को कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार मुरैना पुलिस प्रशासन होगा।
बता दें कि आजाद नगर इलाके में रहने वाले सूरज यादव के घर पर बीते रविवार की रात करीब 11 बजे बाइक से आए चार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। बदमाशों ने महज 2 मिनट में 16 राउंड फायरिंग की थी जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस घटना के बाद अगले दिन पुलिस ने राहुल मिश्रा सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था और उसकी तलाश में जुटी हुई है।