MP News : पुलिस खुलासे के अनुसार, आरोपियों ने गांव के देवेंद्र और रामौतार गुर्जर पर फायरिंग कर घायल करने के बाद उन्हें फंसाने के लिए अपने मौसी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
MP News :मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सराय छौला के कैंथरी गांव में फायरिंग और हत्याकांड की घटना में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपियों ने गांव के देवेंद्र और रामौतार गुर्जर पर फायरिंग कर घायल करने के बाद उन्हें फंसाने के लिए अपने मौसी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले की गहन जांच की तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने हत्याकांड में मृतक के चार रिश्तेदारों को नामजद कर दो को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ का कहना है कि, 12 फरवरी की शाम कैंथरी नहर की पुलिया के पास देवेंद्र गुर्जर और उसके रिश्तेदार रामौतार गुर्जर, अन्य पर रंजिशन गिर्राज गुर्जर निवासी रजई और उसके साथियों ने फायरिंग की थी। हमले में देवेंद्र और रामौतार घायल हो गए। दोनों को स्वजन अस्पताल ले गए। इसी बीच गिर्राज का चचेरा भाई शैलेंद्र गुर्जर अपने मौसी के बेटे सत्यवीर को गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल लेकर आया। उसे सिर में गोली लगी थी, जिसके चलते वो गंभीर घायल था।
अस्पताल में इलाके के दौरान सत्यवीर की मौत हो गई। मामले में शैलेंद्र ने बबलू गुर्जर के बेटों के साथ-साथ दो अज्ञात युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस को मामला शुरू से ही संदिग्ध लगा। घटना में सत्यवीर और शैलेंद्र के बाइक पर जाना पता चला। शैलेंद्र को खरोंच तक नहीं थी, जिनपर गोली मारने का आरोप लगा रहा था। वो पहले से ही अपने घायलों को लेकर ग्वालियर अस्पताल में थे। इस पूरे संदेह के चलते पुलिस ने शैलेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
गिर्राज गुर्जर निवासी रजई के अलग से बयान लिए। दोनों के विरोधाभासी बयान पर जब सख्ती की तो उन्होंने खुद ही सत्यवीर को गोली मारना कबूल किया। गोली गिर्राज गुर्जर ने मारी थी। इनके साथ गिर्राज का भाई छोटू व भांजा आशू भी शामिल था। पुलिस ने गिर्राज के कब्जे से कट्टा व बाइक भी जब्त की है।
रेत के ट्रैक्टर निकलने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। गिर्राज गुर्जर रेत के अवैध धंधे से जुड़ा हुआ है। वह ट्रैक्टर निकलवाने का काम करता है। इसका विरोध कैंथरी गांव निवासी बबलू गुर्जर व उसके स्वजन करते थे। जिसको लेकर दोनों पक्षों में रंजिश थी।