
मुरैना. सरायछौला थाना क्षेत्र के रिठौरा खुर्द गांव में हथियारबंद लोगों ने सरेराह गोली मारकर युवक की निर्मम हत्या कर दी। बताया गया है कि रास्ता निकलने के ऊपर मामूली विवाद था। घटना बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे की है। सूचना मिलने डायल 112 वाहन से पुलिस मौके पर पहुंची और खून से सने युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची लेकिन वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रिठौरा खुर्द निवासी महादेवा (25) पुत्र गब्बर सिंह गुर्जर बुधवार की सुबह गांव में ही जा रहा था, तभी आरोपी पक्ष के शिवराम गुर्जर, वकील गुर्जर, ऐंदल गुर्जर सहित करीब एक दर्जन लोगों ने महदेवा को रोका कि यहां से रास्ता नहीं निकलोगे, जब महादेवा आगे बढ़ा तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। महादेवा के सीने में गोली लगने से वह मौके पर ही ढेर हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक के भाई कोमल गुर्जर का कहना हैं कि मंगलवार की शाम को आरोपियों से हल्का सा विवाद हुआ था। उसके बाद आरोपियों ने रात को ही प्लानिंग कर ली थी। सुबह आरोपी पक्ष ने मकान खाली कर दिए और हत्या करके फरार हो गए।
सरायछौला थाना क्षेत्र में 12 फरवरी से 18 फरवरी तक फायरिंग की तीन वारदात हो चुकी हैं। जिसमें दो लोगों की मौत और दो घायल हो चुके हैं। 12 फरवरी को चार पहिया की दो गाडिय़ों में कैमरा, तिलौंधा व रजई के पुरा के एक दर्जन से अधिक लोग बंदूकों से लैस होकर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से देवेन्द्र (24) पुत्र बबलू गुर्जर निवासी कैंथरी एवं रिश्तेदार औतार (55) पुत्र भूमजीत गुर्जर निवासी गंगापुर गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इसके बाद 12-13 फरवरी की रात को गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और अब 18 फरवरी की सुबह रिठौरा खुर्द में गोली मारकर युवक की हत्या कर दी।
सरायछौला थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ा गांव के चंबल नदी घाट पर रेत उत्खनन बड़े स्तर पर हो रहा है। यहां रिठौरा व कुल्हाड़ा के लोग काम करते हैं। दो दिन पूर्व चंबल नदी घाट पर जिन लोगों ने महादेवा की हत्या की है, उनसे कुल्हाड़ा के रेत कारोबारियों का विवाद हो गया और रेत का अवैध उत्खनन बंद कर दिया। स्थिति यह थी कि दो दिन से चंबल नदी के रास्ते पर किसी को निकलने तक नहीं दिया जा रहा था। चर्चा है कि महादेवा का रेत कारोबार से कोई लेना देना नहीं था लेकिन उस रास्ते से निकल रहा था, जिसको आरोपी पक्ष दो दिन से रोके हुए था। इसलिए गोली मार दी। हालांकि विवाद के पीछे रेत कारोबार होने की बात न तो पुलिस और परिजन कोई भी स्वीकार नहीं कर रहा है लेकिन गांव में इस तरह की चर्चा है कि रेत कारोबार को लेकर ही विवाद हुआ है।
सरायछौला थाना पुलिस ने महादेवा गुर्जर ी हत्या के मामले में आरोपी ऐंदल सिंह गुर्जर, भूरा गुर्जर, रामनिवास गुर्जर, रणवीर गुर्जर एवं तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपी फरार हो गए हैं, पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सरायछौला थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार का इनाम घोषित किया है। बताया गया है कि 12 फरवरी को आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर जान से मारने की नियत से देवेन्द्र (24) पुत्र बबलू गुर्जर निवासी कैंथरी एवं रिश्तेदार औतार (55) पुत्र भूमजीत गुर्जर निवासी गंगापुर को घायल कर दिया था। आरोपी घटना दिनांक से ही फरार हैं। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी छोटू उर्फ हरीराम पुत्र रामप्रकाश उर्फ प्रकाश गुर्जर, गिर्राज पुत्र रामप्रकाश गुर्जर निवासी रजई का पुरा कैंथरी थाना सरायछौला, आशू पुत्र पुलेन्द्र गुर्जर निवासी जनकपुर थाना सिविल लाइन, रवि उर्फ रविन्द्र पुत्र विजय सिंह गुर्जर निवासी देव का पुरा मौरोली धौलपुर राजस्थान की गिरफ्तारी पर प्रत्येक पर पांच- पांच हजा का इनाम घोषित किया है।
प्रथमदृष्टया रास्ते के विवाद पर युवक को गोली मारकर हत्या की है। रेत कारोबार का अभी तक कोई विवाद सामने नहीं आया है। चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज लिया है।
Published on:
18 Feb 2026 09:41 pm
