
मुरैना। चिन्नौनी थाना पुलिस ने 16 फरवरी को होराबराह के बीहड़ों में चंबल का रेत भरकर ला रहीं पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी। लेकिन थाना प्रभारी शंभू दयाल ने चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़ दिया, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकडऩा बताकर आला अफसरों को अवगत करा दिया। इस मामले का वीडियो बुधवार को वायरल हुआ, जिसमें थाने में ही पदस्थ एक पुलिसकर्मी रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोडऩे की बात कहता हुआ सुनाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने थाना प्रभारी, वीडियो वायरल करने वाले पुलिस जवान सहित सात लोगों को सस्पेंड करने के आदेश देर शाम को जारी किए।
यहां बता दें कि चंबल नदी के होराबराह घाट से रोज सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रेत भरकर ले जाती हैं। 16 फरवरी को चिन्नौनी थाना पुलिस ने बीहड़ों में क्रमबद्ध तरीके से निकल रहे रेत के पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। जिसका वीडियो मौके पर मौजूद ग्रामीण ने बना लिया, जिसमें चिन्नौनी थाने के पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। लेकिन इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने ले जाने के बाद सांठगांठ कर छोड़ दिया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सब पता है कि किस थाना क्षेत्र में अवैध रेत का उत्खनन चल रहा है कि किस तरह पुलिस की माफिया से सांठगांठ है लेकिन कार्रवाई न करते हुए अधिकारी संरक्षण दे रहे है, चिन्नौंनी में भी पूर्व में कई बार वीडियो वायरल हुए हैं लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इस बार तो विभाग में ही विभीषण सामने आ गया इसलिए एसपी को कार्रवाई करनी पड़ी। एसपी ने कार्रवाई भले ही कर दी हो लेकिन रेत को लेकर पुलिस की आए दिन किरकिरी हो रही है।
चिन्नौनी थाने में पकड़े गए रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़े जाने का एक वीडियो रात के वक्त ग्रामीण ने बनाया, जिसमें थाना परिसर में ही रेत के ढेर लगे दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण इस वीडियो में बोलता हुआ नजर आ रहा है कि रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉली पकडऩे के बाद छोड़ दिए गए।
चिन्नौनी थाने में रेत के वाहनों को पकडकर छोडऩे के मामले का वीडियो आला अफसरों तक भी पहुंच गया है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने थाना प्रभारी शंभूदयाल बाथम व वीडियो वायरल करने वाले एएसआई कमलेश कुमार, पुलिस प्रधान आरक्षक सनत कुमार, आरक्षक ऋषिकेश शर्मा, आरक्षक किशन कटारा, प्रवीण शर्मा, एवं नवीन पाटिल सस्पेंड कर दिया है।
Published on:
18 Feb 2026 09:26 pm
