मुरैना

पूरे परिवार की हत्या कर खुद फांसी पर झूला कारोबारी, कुछ दिन पहले खरीदा था लाखों का मकान

कारोबारी ने पहले पत्नी का गला रेता, फिर बेटे-बेटी की धारदार हथियार से हत्या की और फिर खुद फांसी पर झूल गया...
2 min read
• •
Updated: 1 Apr 2021, 3:08 PM IST
morena.png

मुरैना. मुरैना में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कारोबारी ने पहले तो अपने पूरे परिवार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की और फिर खुद फांसी के फंदे पर लटक गया। सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो मोहल्लेवालों ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख हैरान रह गए। तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरु की। बताया जा रहा है कि कारोबारी काफी समृद्ध था और फिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया इसे लेकर सभी हैरान हैं।

पत्नी, बेटे-बेटी की हत्या कर खुद लगाई फांसी
एक ही रात में पूरे परिवार के खत्म हो जाने की ये दिलदहला देने वाली घटना मुरैना शहर की पलिया कॉलोनी की है। जहां रहने वाले किराना कारोबारी सत्यदेव शर्मा ने पहले तो अपनी पत्नी ऊषा शर्मा और फिर 12 साल के बेटे अश्वनी व 10 साल की बेटी मोहनी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि कारोबारी सत्यदेव शर्मा के तीन भाई हैं और सभी के अलग-अलग मकान है। परिवार काफी समृद्ध हैं और कुछ दिन पहले ही कारोबारी सत्यदेव शर्मा ने एक 65 लाख रुपए का मकान खरीदा था। खुद सत्यदेव के पास दो मकान व आठ बीघा जमीन थी।

दूध वाले ने दरवाजा न खोलने पर पड़ोसियों को दी सूचना
घटना का पता उस वक्त चला जब रोजाना की तरह कारोबारी सत्यदेव के घर दूधवाला दूध देने के लिए पहुंचा। लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो दूधवाले ने पड़ोसियों को बताया। पास में ही रहने वाले युवक ने छत के रास्ते से घर में झांककर देखा तो फांसी पर लटके कारोबारी सत्यदेव के पैर देखकर उसके होश उड़ गए। दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरु की। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। वहीं घटना के बाद से कारोबारी सत्यदेव के बूढ़े माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और भाई भी घटना से हैरान हैं। कारोबारी ने ऐसा कदम क्यों उठाया फिलहाल पुलिस इसकी तफ्तीश कर रही है।

देखें वीडियो- शराबी की मोबाइल टावर से गिरने से मौत

Published on: