
Morena Jija Beaten Case: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से बेल्ट और डंडों से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। पिटाई करने वाले आरोपी पीड़ित युवक की पत्नी के भाई हैं। आरोपियों ने जीजा को बांधकर पीटते वक्त वीडियो भी बनाए जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। आरोप है कि जीजा साली को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था और उसके साथ छेड़छाड़ की। मारपीट के बाद जब आरोपियों ने जीजा को छोड़ा तो वो सीधे थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र के भिंडौसा गांव में दो दिन पहले 13 जुलाई को गांव के रहने वाले दो भाइयों मोनू वाल्मीकि और गोलू वाल्मीकि ने अपने जीजा को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने जीजा को पीटते वक्त अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाए जो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हुए है। वीडियो में दोनों भाई जीजा को पेड़ से बांधकर उसके कपड़े उतारकर बेल्ट और डंडों से पीटते हुए दिख रहे हैं।
बताया गया है कि जीजा राजकुमार (बदला हुआ नाम) सोमवार 13 जुलाई को अपनी ससुराल भिडौसा गांव आया था। वो ससुराल आने के बाद अपनी साली को घुमाने के लिए अपने साथ ले गया था, आरोप है कि घुमाने के बहाने ले जाकर जीजा राजकुमार ने साली के साथ छेड़छाड़ की। जब इस बात का पता राजकुमार के दोनों सालों गोलू वाल्मीकि और मोनू वाल्मीकि को लगी तो उन्होंने जीजा को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया और कपड़े उतारकर उसकी जमकर पिटाई की।
पीड़ित जीजा आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद सिहोनिया थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि जब साले उसे बेरहमी से पीट रहे थे तब उसकी पत्नी भी वहां पर थी और वो चुपचाप खड़े होकर उसे पिटता देख रही थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार देर शाम दोनों आरोपियों मोनू वाल्मीकि और गोलू वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के मोबाइल से मारपीट के वीडियो भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।