MP News : करणी सेना और भीम आर्मी के नेता-कार्यकर्ता भीड़ लेकर मंगलवार सुबह पोरसा थाना परिसर में घुस गए। वो फायरिंग के आरोपी को बचाने पीड़ित पर केस दर्ज कराने पर अड़े थे।
MP News :मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा में करणी सेना ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। करणी सेना और भीम आर्मी के नेता-कार्यकर्ता भीड़ लेकर मंगलवार सुबह पोरसा थाना परिसर में घुस गए। यहां उन्होंने न सिर्फ जमकर हंगामा किया, बल्कि नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया। अकारण ही इस तरह का प्रदर्शन और थाने की व्यवस्थाओं को बाधित करने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को चेतावनी दी, लेकिन हंगामा बंद न करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया।
बताया जा रहा है कि, सोमवार शाम को लालपुरा में रहने वाला गोविंद शर्मा भिंड से आ रहा था। इसी दौरान पोरसा के बंटू तोमर, अंकुश सिंह आदि ने गोविंद को घेरकर उसकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। अपनी जान बचाने के लिए गोविंद गाड़ी लेकर सीधे थाना परिसर में घुस गया। पीछे से आरोपी बंटू तोमर के साथ करणी सेना अध्यक्ष विष्णु सिंह तोमर को लेकर पहुंच गए और गोविंद शर्मा पर एफआईआर की मांग पर अड़ गए। हालांकि, थाना प्रभारी ने ये कहकर उन्हें थाने से भगा दिया कि, फायरिंग करने वालों के समर्थन आकर खड़े हो गए।
टीआई ने आरोपी बंटू तोमर को क्षेत्र का बदमाश बताया। इस बात पर करणी सेना के अध्यक्ष ने रात में ही सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर थाने के घेराव का ऐलान कर दिया। मंगलवार सुबह पोरसा भीम आर्मी अध्यक्ष राहुल खन्ना और दर्जनों लोगों के साथ थाने का घेराव करने पहुंच गए और हंगामा करते हुए थाने में घुसने का प्रयास किया। इसपर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया तो भीम आर्मी अध्यक्ष और उनके साथ आए कार्यकर्ता भाग गए। इधर, पुलिस ने करणी सेना अध्यक्ष समेत करीब 10-12 लोगों को हवालात में बंद कर दिया है।