
कारोबारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी (Photo Source- Patrika)
MP News :मध्य प्रदेश के सतना जिले के शिवराजपुर में रहने वाले प्रदेश के बड़े कारोबारी रुद्र त्रिपाठी को लॉरेंस विश्नोई गैंग से धमकी मिली है। धमकी देने वाले शख्स ने त्रिपाठी से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा- 10 करोड़ रुपए दो, वरना मरने के लिए तैयार रहना। साथ ही कहा- चाहे ये कॉल रिकॉर्ड करके पुलिस को दे सकते हैं। धमकी मिलने के बाद रुद्र ने मुंबई शहर के थाणे के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामले की एफआइआर दर्ज कराई है। नौपाड़ा पुलिस के अनुसार, बिल्डर रुद्र त्रिपाठी से 10 करोड़ की उगाही की कोशिश का अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
60 वर्षीय रुद्र त्रिपाठी की ओर से दर्ज कराई गई एफआइआर में बताया गया कि, उन्हें 11 फरवरी को वाट्सएप पर कॉल आई थी। इस दौरान वे धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने मध्य प्रदेश के अपने गृह ग्राम शिवराजपुर आए थे। इस दौरान वाट्सएप पर कई कॉल आई। कॉल पर उन्हें 10 करोड़ रुपए देने के लिए कहा गया। धमकी देने वालों ने ऐसा न करने पर उन्हें मरने के लिए तैयार रहने तक को कहा। फोन करने वाले शख्स ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। अज्ञात शख्स ने बिल्डर से यह भी कहा कि वह कॉल को रिकॉर्ड करने और पुलिस को सौंपने के लिए आजाद है।
थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 20 फरवरी को भी बिल्डर रुद्र अपने कार्यालय में थे। इस दौरान एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से चार वाट्सएप कॉल आई। जब उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया, तो संदिग्ध ने दोपहर 12:29 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक ऑडियो क्लिप भेजा, जिसमें जान से मारने की धमकियां थीं।
कारोबारी रुद्र त्रिपाठी ने बताया कि, मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। एफआइआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, वरिष्ठ निरीक्षक नौपाड़ा पुलिस स्टेशन अभय चंद्रनाथ महाजन का कहना है कि, व्यवसायी की शिकायत, वाट्सएप कॉल और ऑडियो क्लिप के आधार पर 20 फरवरी को जबरन वसूली और अन्य अपराधों के लिए एफआइआर दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Published on:
24 Feb 2026 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
