
Morena BJP Leader House Firing: मध्य प्रदेश के मुरैना शहर की पटी गली-दत्तपुरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे बाइक की आवाज के साथ अचानक गोलियों की तड़तड़ाहत गूंजी। बाइक सवार दो बदमाश भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधु दंडोतिया के घर पहुंचे और फायरिंग कर भाग निकले। वारदात के बाद परिवार में दहशत फैल गई। गली और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाश कैद हुए हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले की शुरुआत बुधवार शाम करीब 6 बजे हुई। फरियादी दीपक पुत्र केशव सिंह दंडोतिया (46) निवासी पटी गली दत्तपुरा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रुद्र दंडोतिया कंषाना गली से कोचिंग पढक़र लौट रहा था। इसी दौरान कान्हा दंडोतिया अपने साथी आकाश दंडोतिया के साथ जीप से आया और रुद्र की तरफ गाड़ी कर दी। विरोध करने पर दोनों ने रुद्र के साथ थप्पड़ों से मारपीट की।
रुद्र ने घर पहुंचकर पिता दीपक को घटना बताई। इसके बाद दीपक ने कान्हा दंडोतिया और उसके पिता को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों घर में आते ही गाली-गलौज करने लगे। कान्हा ने कहा कि अभी तो लड़के को मारा है, अगली बार सामने पड़ा तो जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद कमर से कट्टा निकालकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष के पति दीपक के सीने पर लगा दिया और धमकी दी कि आज रात तेरे घर पर गोली दूंगा। साथ ही बेटे कहीं भी दिखाई देने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
मधु दंडोतिया के अनुसार, घटना के बाद कान्हा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एफआईआर से नाराज आरोपी ने उन्हें धमकी दी थी। रात करीब डेढ़ बजे कान्हा एक साथी के साथ बाइक से उनके घर पहुंचा और फायरिंग कर दी। दोनों आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गुरुवार को आरोपी के पिता विजय दंडोतिया ने भी उन्हें धमकी दी। उन्होंने कहा कि एफआईआर की कार्रवाई क्यों की। जेल से बाहर आने के बाद तुम्हें और बच्चों को जान से मार देंगे।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।