
Morena Firing CCTV video- मध्य प्रदेश केमुरैना शहर की आजाद नगर कॉलोनी में उस समय दहशत फैल गई, जब दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो मिनट में 16 राउंड फायरिंग कर दी। बदमाश लगातार गालियां देते हुए मकान मालिक को बाहर निकलने की धमकी देते रहे। हालांकि मकान मालिक ने दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। मामला रविवार रात का बताया जा रहा है।
शहर की आजाद नगर कॉलोनी में रविवार रात करीब 10.55 बजे चार हथियारबंद बदमाशों ने एक मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उनका निशाना आजाद नगर निवासी राधेश्याम का मकान था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश पहले मकान के गेट तक पहुंचे और अपनी बाइक गेट से टकराई। इसके बाद उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब दो मिनट तक चली इस वारदात में 16 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी की आवाज सुनकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।
घटना के दौरान राधेश्याम भी घर के गेट के पास पहुंचे थे, लेकिन गोलीबारी शुरू होते ही उन्होंने दीवार की ओट लेकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि बदमाश फायरिंग करते समय लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और राधेश्याम को बाहर निकलने की धमकी दे रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
उधर अब पुलिस ने सीसीटवी फुटेज में नजर आ रहे बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों ने राधेश्याम के घर को ही निशाना क्यों बनाया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।