मुरैना

4 साल से भाजपा नेता चला रहा था मौत का ट्रैक्टर, गिरफ्तार

Morena Forest Guard Murder case update: 4 साल पहले राजस्थान से खरीद कर लाया था ट्रैक्रटर, 4 साल से चंबल के मुरैना में मचा रखी थी दबंगई, दो अब भी फरार...
2 min read
Apr 11, 2026
Morena Forest Guard Murder Case Update
Morena Forest Guard Murder Case Update: बाएं से- गिरफ्तार बीजेपी नेता सोनू चौहान तथा पवन तोमर जो फिलहाल फरार है। (photo:patrika )

Morena Forest Guard Murder case update: वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की हत्या मामले में नामजद आरोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा का मंत्री सोनू चौहान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। दिमनी मंडल उपाध्यक्ष पवन तोमर और ट्रैक्टर ड्राइवर विनोद कोरी फरार हैं। पूछताछ में पता चला है कि दोनों भाजपा नेता बीते चार साल से रेत के अवैध कारोबार में लिप्त थे।

खुद को बताते थे विधायक-सांसद

खुद को विधायक-सांसद का आदमी बताकर चंबल के मुरैना क्षेत्र में अपनी धाक जमाते थे। दबंगई करते थे। बीते बुधवार की सुबह करीब 5.30 बजे गश्त के दौरान आरोपी चालक विनोद ने वनरक्षक हरिकेश गुर्जर को कुचलकर मार डाला था। मामले में पीएम हाउस पर घंटों विरोध चला। तब उसी दिन विनोद के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। एक दिन बाद रेंजर के आवेदन पर पवन तोमर, सोनू चौहान को भी नामजद किया।

राजस्थान से मिले थे सबूत किसका है ट्रैक्टर

चूंकि ट्रैक्टर पर नंबर नहीं था इसलिए चेसिस और इंजन नंबर के जरिए पुलिस ट्रैक्टर के मूल मालिक भंवरलाल निवासी झालावाड़ राजस्थान पहुंची, तो उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि लगभग चार साल पहले कुथियाना निवासी सोनू चौहान ट्रैक्टर खरीदकर ले गया था। उसके बाद से पवन और सोनू पार्टनरशिप में चंबल नदी के कुथियाना घाट से रेत उत्खनन व परिवहन में लगे थे। पुलिस के अनुसार अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

हत्या के बाद कंफर्मेशन कॉल

विनोद ने वनरक्षक की हत्या के बाद तुरंत कथित ट्रैक्टर मालिक सोनू को फोन कर घटना बताई थी। इससे आरोपी सचेत हो गए। पुलिस के डर से आरोपी इधर-उधर छिपता फिर रहा था। पुलिस को वन विभाग के रेंजर ने बताया कि पवन तोमर और सोनू मिलकर रेत का अवैध कारोबार करते हैं।

घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि शुक्रवार 10 अप्रेल को पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनू चौहान कहीं भागने की फिराक में है। तब दिमनी पुलिस ने नेशनल हाईवे 552 स्थित प्लाजा के पास मिसुरनपुरा रोड पर भारी पुलिस बल तैनात कर घेराबंदी करवाई थी। घेराबंदी के दौरान ही आरोपी सोनू चौहान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

राजस्थान से ट्रैक्टर खरीदा, लेकिन नहीं करवाया था अपने नाम ट्रांसफर

मामले में दिमनी थाना प्रभारी जितेन्द्र दौहरे का कहना है कि आरोपी सोनू चौहान राजस्थान के झालावाड़ जिले में रहने वाले भंवरलाल के यहां से ट्रैक्टर खरीद कर लाया था। ट्रैक्टर खरीदने के 4 साल बाद भी उसने ट्रैक्टर अपने नाम नहीं करवाया था। ट्रैक्टर पर नंबर नहीं थे। तब ट्रैक्टर के चेसिस और इंजन नंबर के जरिए ट्रैक्टर के मुख्य मालिक भंवरलाल का नाम सामने आया था। उससे पूछताछ में ट्रैक्टर के खरीदार भाजपा नेता सोनू चौहान का नाम पता चला।

Updated on:
11 Apr 2026 10:19 am
Published on:
11 Apr 2026 10:19 am