
Morena News : कुछ घटनाएं समय के साथ पुरानी जरूर हो जाती हैं, लेकिन उनसे जुड़े सवाल कभी खत्म नहीं हो पाते। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से गुजरने वाली क्वारी नदी पर गोपी गांव के पास बने स्टॉप डैम में मिली कार और उसमें मिले देवर-भाभी के कंकाल से जुड़ा है। 18 जून 2024 को सामने आए इस हैरान कर देने वाले घटनाक्रम को अब करीब दो साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी ये मामला लोगों के बीच मिस्ट्री बना हुआ है। जब भी क्वारी नदी का डैम खुलता है या पानी का स्तर कम होता है तो इलाके में उस कार और उसमें से निकले दो कंकालों की कहानी पर चर्चा शुरु हो जाती है।
मामला 18 जून 2024 का है। उस समय क्वारी नदी के गोपी गांव के पास बने स्टॉप डैम का पानी जब कम हुआ तो ग्रामीणों को अंजर एक सफेद रंग की कार नजर आई। अज्ञात कार की सूचना सिहोनिया थाना पुलिस को दी गई। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से खिंचवाकर कार को बाहर निकाला गया। यहां तक तो सबकुछ सामान्य था। लेकिन, कार के पानी से बाहर निकालकर खड़ा करने के बाद जब उसके अंदर देखा गया तो कार की अगली सीट तो खाली थी पर पिछली सीट पर दो मानव कंकाल मिले।
कार की पिछली सीट पर एक साथ दो-दो कंकाल मिलने पर इसकी सूचना पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। पुलिस ने आनन-फानन में पड़ताल तेज की, जिसपर पता चला कि, दोनों कंकाल पास ही में स्थित छत्त का पुरा गांव में रहने वाले देवर-भाभी थे। पुलिस तफ्तीश के अनुसार, मृतकों की पहचान 26 वर्षीय नीरज पुत्र जगदीश जाटव और 32 वर्षीय मिथिलेश पत्नी मुकेश जाटव के रूप में हुई थी। दोनों आपस में रिश्ते में देवर-भाभी थे। मिथिलेश का पति मुकेश अंबाह में सरकारी शिक्षक था और गुरुद्वारा मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था।
इस मामले में एक अहम कड़ी मिथिलेश की गुमशुदगी थी। उसके पति मुकेश ने कंकाल मिलने से चार महीने पहले फरवरी 2024 में ही अंबाह थाने में पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दूसरी तरफ नीरज भी उसी समय से घर से लापता था। उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराए जाने की बात भी जांच के दौरान सवालों के घेरे में आई थी।
वैसे तो इस मामले को अब करीब दो साल बीत चुके हैंस लेकिन कई सवाल लोगों के जहन में आज भी चलते रहते हैं। जैसे- कार डैम तक कैसे पहुंची? दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या ये हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी? ऐसे कई सवाल घटना के बाद से ही चर्चा में रहे हैं। कार में दोनों के कंकाल मिलने से हत्या की आशंका भी जताई गई थी, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच की बात कही थी।
करीब दो साल बाद भी ये घटना स्थानीय लोगों के बीच एक अनसुलझी कहानी की तरह याद रखी जाती है। क्वारी नदी के डैम का पानी घटते ही लोगों को उस कार की याद आ जाती है, जिसने एक साथ दो जिंदगियों के रहस्य को अपने भीतर कई महीने छिपाए रखा था।