
Morena Wife Suicide: मध्य प्रदेश में ट्विशा शर्मा जैसा एक और केस सामने आया है। मुरैना के इस मामले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिली। ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके वाले हत्या बता रहे हैं। ट्विशा शर्मा केस की तरह ही इस केस में भी मृतक की मां का कहना है कि मौत से पहले उसने कॉल किया था और वह रोए जा रही थी। वहीं भाई का आरोप है कि बहन ने अगर आत्महत्या की थी तो पुलिस को सूचना दिए बिना शव क्यों उतारा? मृतक का नाम रानी पचौरी है, वह दो महीने की गर्भवती भी थी।
मृतक रानी पचौरी (Morena Rani Pachori Murder or Suicide) की उम्र 24 साल थी। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। जब ससुराली परिजन रानी को पोरसा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल को बताया कि रानी ने आत्महत्या कर ली है। डॉक्टर्स ने जांच के बाद रानी को मृत घोषित कर दिया था। दो महीने से गर्भवती रानी मूल रूप से भिंड जिले के गढ़ गनेरा गांव की रहने वाली थी। उसकी मौत की खबर सुनकर मायके पक्ष का रो रोकर बुरा हाल है। वह लगातार आरोप लगा रहा है कि रानी ने आत्महत्या नहीं की उसकी हत्या की गई है।
मामले में रानी के भाई अमन पचौरी ने भी ससुराल पक्ष पर हत्या (Morena Wife Suicide) का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसकी बहन को फंदे पर लटकाकर उसकी हत्या की गई है। अमन का कहना है कि वह मां से फोन पर बात करते हुए रोए जा रही थी। थोड़ी देर बाद फोन आया कि रानी को हार्ट अटैक आया है।
बताया जा रहा है कि रानी पचौरी की शादी एक साल पहले ही 17 मई 2025 को पोरसा में हुई थी। शादी के एक साल पूरे होने के बाद ही ससुराल में विवाद बढ़ने लगा। ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए भाई अमन ने कहा कि पुलिस को कोई सूचना नहीं दी और फंदे से शव उतारकर अस्पताल ले गए।
मृतक रानी के परिजनों का कहना है कि उन्हें सूचना दी गई थी कि रानी को हार्ट अटैक आया है। खबर सुनते ही परिजन पोरसा पहुंचे परिजनों को पता चला कि फंदे पर लटकने से उसकी मौत हो गई है। भाई ने बताया कि 17 मई को उसकी शादी की पहली सालगिरह थी। उसने बताया था कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे बार-बार बेइज्जत कर रहे थे, जिससे वह टूट गई।
मामले में पोरसा टीआई दिनेश कुशवाह का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि जौटाई रोड पर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव जिला अस्पताल ले गए। अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। परिजनों की शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई है।