MP News: ससुराल में हुई बेटी की संदिग्ध मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल हुआ पिता लेकिन तब नहीं उठाए सवाल, दो दिन थाने पहुंचकर दर्ज कराया मामला।
MP News: मध्यप्रदेश के मुरैना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला की मौत के दो दिन बाद उसके पिता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पिता का आरोप है कि पति व ससुरालवालों पर जहर देकर हत्या की है। हैरानी की बात ये है कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई बेटी की मौत के बाद पिता उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था और तब उसने बेटी की मौत को लेकर कोई सवाल नहीं उठाए और न ही पोस्टमार्टम को लेकर चर्चा की। अब पुलिस ने महिला की चिता की राख व हड्डियां जब्त कर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मिढ़ौला गांव के रहने वाले सुरेन्द्र सिंह तोमर ने अपनी बेटी क्रांति तोमर की शादी साल 2018 में रन्हेरा के रहने वाले अरविंद परिहार से की थी। पिता सुरेन्द्र सिंह तोमर के मुताबिक 31 मार्च को उन्हें खबर मिली की बेटी क्रांति की मौत हो गई है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही वो तुरंत बेटी की ससुराल पहुंचे जहां उन्हें ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि क्रांति को हल्का सा झटका आया और उसके मुंह से झाग निकलने लगा, हम लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही क्रांति की सांसें थम गईं।
बेटी क्रांति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद पिता सुरेन्द्र सिंह तोमर खामोश रहे, वो बेटी के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए लेकिन बेटी की पोस्टमार्टम को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया। अंतिम संस्कार के बाद चुपचाप अपने घर लौट गए और फिर दो दिन बाद जब 2 अप्रैल को महुआ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पिता सुरेन्द्र सिंह तोमर ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी को जहर देकर मारने के आरोप लगाए हैं।
मृतका क्रांति के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। क्योंकि महिला का अंतिम संस्कार हो चुका है ऐसे में पोस्टमार्टम नहीं हो सकता इसलिए मुक्तिधाम से हड्डियां और राख को जब्त कर उसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब ग्वालियर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला के मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा और उसके बाद ही मामले की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।