
Morena Sugar Mill Protest: मध्यप्रदेश के मुरैना में शक्कर कारखाने को शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय की तबीयत पांचवें दिन खराब हो गई। विधायक पांच दिनों से केवल पानी ग्रहण कर रहे हैं। लगातार अनशन के चलते उनका ब्लड शुगर लेवल 80 से नीचे आ रहा है, जबकि सामान्य तौर पर यह करीब 100 होना चाहिए। वहीं ब्लड प्रेशर 150/90 तक पहुंचने और सोडियम कम होने की बात सामने आई है। उन्हें लेटने-बैठने में भी परेशानी हो रही है।
15 अगस्त से अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय की तबीयत बिगड़ने पर बीते रोज जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर लोकेश जांगिड़ से मुलाकात की थी। इसके बाद बुधवार को कलेक्टर के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर विधायक का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने बुधवार को ब्लड सैंपल लेने के साथ नियमित जांच की सलाह दी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार शुगर कम और ब्लड प्रेशर अधिक आ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए इसकी निंदा की है।
बुधवार को अनशन के पांचवे दिन शक्कर कारखाना परिसर में महापंचायत भी आयोजित की गई। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी व अन्य लोग पहुंचे और शक्कर कारखाने को फिर से शुरू करने की मांग का समर्थन किया। महापंचायत के दौरान आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए सर्वसम्मति से 22 अगस्त को पूर्ण मुरैना जिला बंद रखने का फैसला लिया गया है। आंदोलन से जुड़े लोगों और किसानों का कहना है कि अब आंदोलन को गांव-गांव व शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।
शक्कर कारखाने को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब और व्यापक रूप लेता नजर आ रहा है। बुधवार को हुई महापंचायत में राष्ट्रीय किसान महासभा और अखिल भारतीय गन्ना किसान संगठन के सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, मेवाराम जाटव, पूर्व विधायक गोहद, कांग्रेस कमेटी ग्वालियर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरी, समाजवादी पार्टी के नेता बीरबल कैम, मधुराज सिंह तोमर, कांग्रेस कमेटी मुरैना के जिलाध्यक्ष, दीपक शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी मुरैना सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।