मुरैना

महिला के 3 मिनट 30 सेकंड के इसी वीडियो के कारण मुरैना में खत्म हुआ परिवार

Triple Murder Case: पत्नी के डांस का वीडियो गांव के लड़कों ने वॉट्सएप पर भेजा तो पति के सिर पर सवार हुआ खून, पत्नी और दो मासूम बेटों को मारकर खुद ट्रेन के सामने लेटा पिता।
2 min read
Jun 27, 2026
morena Triple Murder
triple murder case wife two sons killed after dance video, पत्नी के डांस का वीडियो, जिसे देखने के बाद पति ने पत्नी, बेटों को मार डाला (source-patrika)

Morena Triple Murder Case: मध्यप्रदेश के मुरैना के किशनपुरा गांव में हुई ट्रिपल मर्डर और सुसाइड की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। शनिवार को जब घर में खून से लथपथ महिला और मासूम बेटों के शव मिले तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पत्नी और बेटों की हत्या करने वाले पति ने खुद भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली, उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना की वजह महिला का डांस वीडियो बताया जा रहा है जो गांव के कुछ लड़कों ने बनाकर बलराम को वॉट्सएप पर भेजा था। पति को पत्नी का डांस करना इस कदर नागवार गुजरा की पूरा परिवार ही तबाह हो गया।

देखें वीडियो-

डांस का वीडियो आया सामने

बलराम पत्नी रविता के डांस के जिस वीडियो को लेकर गुस्साया वो वीडियो सामने आया है। महज 3 मिनट 30 सेकंड के इस वीडियो में रविता भागवत कथा के पंडाल में डांस करती दिख रही है। वीडियो में रविता सिर पर पल्लू लिए हुए पूरी तरह से शालीनता से डांस कर रही है और पंडाल में मौजूद महिलाएं व युवतियां उसका हौसला बढ़ा रही हैं।

पत्नी-बेटों की हत्या करने के बाद की आत्महत्या

किशनपुरा गांव में रहने वाले बलराम कुशवाह (32) ने पत्नी रविता (28) और बेटे आरव (10) व बेटे अतुल (7) की बेरहमी से कुल्हाडी से काटकर हत्या कर दी। पत्नी और बेटों को मारने के बाद खुद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलराम की पत्नी रविता ने करीब एक महीने पहले गांव की श्रीमद् भागवत कथा में डांस किया था, जिसका वीडियो गांव के कुछ लड़कों ने बनाकर बलराम को वॉट्सएप कर दिया था। इस वीडियो को देखने के बाद बलराम के सिर पर खून सवार हो गया और उसने शुक्रवार देर रात घर में सो रही पत्नी और बेटों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर आत्महत्या कर ली।

पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

शनिवार की सुबह जब बलराम कुशवाह के घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो आस पड़ोस के लोगों को शक हुआ। उन्होंने किसी तरह घर के अंदर झांककर देखा तो खून से सने शव नजर आए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर पहुंची तो वहां बलराम की पत्नी रविता और उसके दोनों बेटों आरव व अतुल के खून से लथपथ शव मिले। बलराम घर से लापता था। पुलिस महिला और बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी तभी सूचना मिली कि बलराम का शव शिकारपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला है।

पत्नी को मनाकर लाया था वापिस

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलराम पहले बेंगलुरू में एक मार्बल फैक्ट्री में काम करता था वो करीब एक महीने पहले ही वापस लौटा था। बलराम और पत्नी रविता के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। पता चला है कि विवाद होने के कारण रविता बेटों को लेकर अपने मायके चली गई थी, दो-तीन दिन पहले ही बलराम किसी तरह मनाकर रविता व बेटों को वापस घर लेकर आया था और अब उनकी हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।

Updated on:
27 Jun 2026 07:45 pm
Published on:
27 Jun 2026 04:48 pm