सुबह 11 बजे तक कोहरे का असर, ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ा
मुरैना। दो दिन राहत के बाद शनिवार की रात से घना हुआ कोहरा रविवार और सोमवार को दोपहर तक छाया रहा। हालांकि इससे तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया, लेकिन कोहरे की वजह से लोग दोपहर तक अलाव तापते रहे और रेल व सडक़ यातायात पर विपरीत प्रभाव पड़ा। हालांकि दोपहर में 12 बजे से धूप निकलने से लोगों को राहत भी मिली। रविवार को दिन और रात का तापमान 1-1 डिग्री सेल्सियस कम हो गया। कोहरे का असर दोपहर तक रहने से लोगों को व्यावहारकि समस्याओं का सामना करना पड़ा। गांवों तक में लोग दोपहर तक अलाव जलाकर तापते रहे।
घने कोहरे और ओस के कारण किसानों को भी खेतों में काम करने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि यह कोहरा और ओस पानी चाहने वाली फसलों में राहत प्रदान करेगा। लेकिन कोहरे से रेल यातायात प्रभावित हो रहा है, सडक़ मार्ग पर भी लोगों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। दिल्ली की ओर से शाम को आने वाली महाकौशल और श्रीधाम एक्सप्रेस ट्रेनें 3 से 4 घंटे तक देर से चल रहीं हैं। वहीं साप्ताहिक ट्रेन अंडमान भी करीब 30 मिनट की देरी से चली।
आगरा से झांसी के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन 5 घंटे की देरी से चली। हालांकि शनिवार और शुक्रवार को दिन सामान्य रहने से लोगों को उम्मीद और अच्छे दिनों की थी लेकिन शनिवार की शाम से बिगड़े मौसम में रात 8 बजे तक घना कोहरा छाने से सडक़ों पर स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी काम नहीं कर पा रही थी।