
तेलंगाना के खम्मम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहर मिला कोल्ड ड्रिंक पीने से 15 साल के एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने का आरोप उसके 14 वर्षीय दोस्त और 19 साल की एक विवाहित युवती पर है। बताया जा रहा है कि मृतक ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात का खुलासा होने के डर से दोनों ने कथित तौर पर उसे जहर दे दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तेलंगाना के खम्मम जिले के कल्लूरु इलाके की है। मृतक 15 वर्षीय छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ता था। आरोप है कि उसके नाबालिग दोस्त ने 19 वर्षीय युवती के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी और कीटनाशक मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पीड़ित को पीने के लिए दी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और 8 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह मामला 20 अक्टूबर का है। दशहरा की छुट्टियों के दौरान 15 वर्षीय छात्र अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान उसने अपने 14 वर्षीय दोस्त और उसकी 19 वर्षीय विवाहित महिला मित्र को एक कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
पुलिस का कहना है कि युवती पिछले करीब छह महीने से अपने पति से अलग रह रही थी। दोनों को डर था कि यदि किशोर (मृतक) ने इस घटना के बारे में किसी को बता दिया तो उनकी बदनामी होगी। इसी डर के चलते दोनों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, अगले दिन 14 वर्षीय आरोपी अपने दोस्त को घुमाने ले गया और इस दौरान उसने कथित तौर पर कीटनाशक मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक उसे पिला दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के तुरंत बाद किशोर की तबियत बिगड़ने लगी। इसके बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजन किशोर को तुरंत खम्मम के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे वारंगल स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार को छात्र की मौत हो गई।
पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद कल्लूरु पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी किशोर भी दसवीं कक्षा का छात्र है और उसी गांव के स्कूल में पढ़ता है।
मामले की जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग आरोपी को वारंगल स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि 19 वर्षीय युवती को सथुपल्ली उप-जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।