11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सोनिया गांधी के आरोपों पर अन्ना हजारे का पलटवार- सकीर्ण सोच, मुझे कांग्रेस और BJP से कोई लेना-देना नहीं

Anna Hazare on Sonia Gandhi Book: सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में दावा किया कि अन्ना हजारे के 2011 के आंदोलन को भाजपा और RSS का समर्थन था। इस पर अन्ना हजारे ने कहा कि उनके लिए देश और समाज सर्वोपरि हैं। उन्होंने इसे संकीर्ण सोच बताया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 11 Nov 2026, 4:25 PM IST

Anna Hazare on Belonging A Journey of Love

अन्ना हजारे और सोनिया गांधी (Photo: IANS)

Sonia Gandhi Book: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है। अपनी किताब में उन्होंने वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे के नेतृत्व में 2011 में हुए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस आंदोलन को भाजपा (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पर्दे के पीछे से प्रायोजित और समर्थन किया था। सोनिया के मुताबिक, इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य तत्कालीन यूपीए सरकार को सत्ता से हटाना था।

अब सोनिया गांधी के इन दावों पर अन्ना हजारे ने जवाब दिया है। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर नाराजगी जताई और कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचते। उनके लिए केवल देश और समाज का हित महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इतनी संकीर्ण सोच रखना सही नहीं है।

'मुझे कांग्रेस या BJP से कोई लेना-देना नहीं'

अन्ना हजारे ने कहा कि उनके आंदोलन की वजह से आरएसएस और भाजपा से जुड़े कई लोगों को भी घर बैठना पड़ गया था, उनका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं। उन्होंने कहा, "मेरे आंदोलन के कारण भाजपा और आरएसएस के भी कई लोगों को घर जाना पड़ा था। मैं किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचता। मेरे लिए केवल देश और समाज का हित सर्वोपरि है। इस तरह की संकीर्ण सोच रखना बिल्कुल गलत है। देश किस दिशा में जा रहा है और हमारे राष्ट्र की स्थिति क्या है, इस पर ध्यान देना चाहिए।"

अन्ना हजारे ने आगे कहा कि उनका न तो कांग्रेस से कोई संबंध है और न ही भाजपा से। वह केवल देश और समाज के हितों के बारे में सोचते हैं।

'मेरी आलोचना करने के बजाय देश की समस्याओं पर ध्यान दें'

सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि देश में कई गंभीर समस्याएं हैं, जिन पर राजनीतिक दलों और नेताओं को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सूखे और उससे जुड़ी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के लिए काम करना ज्यादा जरूरी है।

अन्ना हजारे ने कहा, ''देश में सूखा है और आपके पास पैसों की कोई कमी नहीं है। आपको ऐसे मुद्दों के बारे में सोचना चाहिए और समाज के लिए काम करना चाहिए। मेरी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान दीजिए।''

इस दौरान उन्होंने अपनी आने वाली किताब का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 'अन्ना हजारे : ग्राम योगी' नाम से उनकी नई किताब लिखी जा रही है। उन्होंने लोगों से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे लोग उनके बारे में क्या लिखते हैं, इसकी उन्हें चिंता नहीं है।

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में क्या लिखा है?

दरअसल, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन के राजनीतिक प्रभाव पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि भाजपा और संघ ने इस आंदोलन को पर्दे के पीछे से बड़ा किया और उसे समर्थन दिया। ताकि कांग्रेस की अगुवाई वाली तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार को सत्ता से बाहर किया जा सके।

हालांकि, अन्ना हजारे ने सोनिया गांधी के दावों को खारिज करते हुए एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में था।