मुंबई

Maha Corona: मुंबई में कोरोना के 6,169 मरीज, एक दिन में 25 लोगों की मौत…

देश की आर्थिक राजधानी ( Mumbai ) पर महामारी ( Epidemic ) का कहर ( Havoc ), धारावी ( Dharavi ) में 330 लोग संक्रमित, नवी मुंबई ( Navi Mumbai ), ठाणे ( Thane ) और मालेगांव ( Malegaon ) में भी बढ़े मरीज, राज्य में अब तक 1388 लोग स्वस्थ ( Healthy ) हो चुके हैं, ठाणे में 389 और नासिक ( Nashik ) में 193 लोग संक्रमित ( Infected )

3 min read
Apr 29, 2020
Maha Corona: मुंबई में कोरोना के 6,169 मरीज, एक दिन में 25 लोगों की मौत...

मुंबई. कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार पसीना जरूर बहा रही है, मगर नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं दिख रहे। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ही नहीं समूचे महामुंबई क्षेत्र में महामारी का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 330 तक पहुंच गई है। नवी मुंबई में 188 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मुंबई में आज 394 नए मामले सामने आए जिसके साथ कोरोना मरीजों की संख्या 6,169 तक पहुंच गई। चिंताजनक यह कि मंगलवार को महानगर में 25 लोगों की जान कोरोना ने ली। ग्रामीण क्षेत्रों को मिला कर ठाणे में 389 और नासिक में 193 लोग संक्रमित हैं, जिनमें से 171 मरीज मालेगांव मनपा क्षेत्र के हैं। चिंता के बीच राहत का संकेत यह कि उपचार से ठीक हुए 106 लोग आज अस्पताल से घर भेजे गए। राज्य में अब तक 1388 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

राज्य में 9,318 लोग संक्रमित...
महामुंबई क्षेत्र की बात करें तो ठाणे में 389, नवी मुंबई में 142, कल्याण-डोंबिवली में 153, उल्हासनगर में 3, भिवंडी में 14, मीरा भायंदर में 123, पालघर में 41, वसर्ई-विरार मनपा क्षेत्र में 123, रायगड में 22 और पनवेल मनपा क्षेत्र में 44 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। पिंपरी चिंचवड, पुणे मनपा और ग्रामीण क्षेत्रों को मिला कर पुणे जिले में कोरोना के 1174 मरीज हैं, जिनमें से 82 की मौत हो चुकी है। राज्य में 729 नए मामले सामने आए जिसके साथ मरीजों की संख्या 9,318 तक पहुंच गई। अब तक 400 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 31 लोगों ने मंगलवार को जान गंवाई।

मैदान में मोबाइल एंबुलेंस...
मुंबई के वर्ली, लोअर परेल जैसे हॉटस्पॉट में फीवर क्लीनिक के माध्यम से लोगों का उपचार किया जा रहा है। साथ ही मोबाइल एम्बुलेंस के जरिए डॉक्टर खांसी, जुकाम, बुखार आदि के मरीजों की जांच कर रहे हैं। जिन लोगों में भी कोरोना के लक्षण दिख रहे हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

बच्चों में संक्रमण नहीं...
नायर हॉस्पिटल में कोविड-19 संक्रमित 16 गर्भवती महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी कराई गई। जांच में सभी बच्चों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। हॉस्पिटल के डीन डॉ. मोहन जोशी ने बताया कि हम संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतते हैं।

पुणे में 243 लोग पहुंचे घर...
कोरोना के हॉटस्पॉट पुणे में उपचार से स्वस्थ हुए 243 लोग घर भेजे गए हैं। पुणे में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 1174 तक पहुंच गई है। इनमें से 82 लोगों की मौत हो चुकी है। विभागीय आयुक्त डॉ. दीपक म्हैसेकर ने बताया कि 53 मरीजों की हालत गंभीर है। पुणे मंडल में 1288 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें से 89 की मृत्यु हो चुकी है।

Updated on:
29 Apr 2020 04:22 pm
Published on:
29 Apr 2020 10:03 am
Also Read
View All