मुंबई

प्रेमी की लाश से शादी करने वाली आंचल ने छोड़ा ‘ससुराल’, कहा- सक्षम के भाई की मुझ पर गंदी नजर थी

Aanchal Mamidwar Saksham Tate Case: अपने प्रेमी की हत्या के बाद उसकी लाश से विवाह कर पूरे देश में चर्चा का विषय बनी महाराष्ट्र की आंचल मामिडवार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार आंचल ने अपने दिवंगत प्रेमी सक्षम ताटे के परिवार के एक सदस्य पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

3 min read
Jun 14, 2026
Aanchal Saksham Love Affair Maharashtra caste murder
सक्षम ताटे और आंचल (Photo: X/IANS)

महाराष्ट्र के नांदेड़ में पिछले साल हुए चर्चित 'ऑनर किलिंग' मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। अपने प्रेमी की हत्या के बाद उसकी लाश के साथ विवाह रचाकर पूरे देश में सुर्खियों में आई आंचल मामिडवार ने अपना ससुराल छोड़ दिया है। आंचल ने अपने दिवंगत प्रेमी सक्षम ताटे के ही भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आंचल का कहना है कि ससुराल में उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया और सक्षम के भाई की उस पर गंदी नजर थी। जिसके कारण उसे मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा।

आंचल ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि सक्षम के परिवार के सदस्य ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सक्षम के प्रति उनका प्रेम आज भी पहले जैसा ही है और उस प्यार में कोई बदलाव नहीं आया है।

'सक्षम के भाई की नीयत खराब थी'

आंचल ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा, "मैं पूरी ईमानदारी से उनके घर गई थी। मैंने उन्हें वचन भी दिया था। उनकी बात भी पूरी तरह सही है, लेकिन सक्षम का भाई मेरे साथ ठीक व्यवहार नहीं कर रहा था। उसकी मेरे प्रति गलत नीयत थी। वह मुझे छूने की कोशिश करता था। मैंने इसकी शिकायत उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से की थी, लेकिन किसी ने मेरी बात पर विश्वास नहीं किया।"

आंचल ने आगे कहा, "फिर एक दिन मैंने सोचा कि जब इतनी बार बताने के बाद भी उन्हें मुझ पर भरोसा नहीं है, तो अगर भविष्य में मेरे साथ कोई बड़ी गलत घटना हो जाती है, तब वे मेरी बात पर कैसे विश्वास करेंगे? इसी वजह से मैंने वहां से निकलकर अपने घर वापस आने का फैसला किया।"

आंचल का दावा- माता-पिता को बताई थी बात

आंचल के मुताबिक, उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी सक्षम के परिवार को भी दी थी। लेकिन उनकी बात पर विश्वास नहीं किया गया। आंचल ने कहा, "मैंने जो कुछ मेरे साथ हुआ, उसके बारे में सक्षम के माता-पिता को बताया था। लेकिन उन्होंने मेरी बात पर भरोसा नहीं किया।" उन्होंने बताया कि हालात ऐसे बन गए कि उन्हें घर छोड़ना पड़ा और अब वह अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रही हैं। सक्षम की मां मुझे छोड़ने नहीं आई थीं।

पुलिस की अनुमति से छोड़ा घर

आंचल ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस की जानकारी और अनुमति के बाद ही घर छोड़ा। पुलिसकर्मी खुद उसे रिश्तेदार के घर छोड़कर गए। गौरतलब है कि सक्षम ताटे की हत्या के बाद आंचल को सुरक्षा कारणों से पुलिस सुरक्षा दिया गया था।

आंचल ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर छोड़ने को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा, "यह कहा जा रहा है कि मैं उनके घर से भागकर आई हूं या फिर अपनी दादी की तबीयत का बहाना बनाकर आई हूं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। इस बारे में एसपी सर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पूरी जानकारी है कि मैं किन कारणों से वहां से आई हूं।"

क्या है आंचल और सक्षम का मामला?

पिछले वर्ष 27 नवंबर को सक्षम ताटे की कथित तौर पर आंचल के पिता और भाइयों ने हत्या कर दी थी। आरोप है कि वे दोनों के अंतरजातीय प्रेम संबंध के खिलाफ थे और इसी वजह से यह वारदात हुई।

इस वारदात ने पूरे महाराष्ट्र समेत देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। प्रेमी सक्षम की हत्या के बाद आंचल ने उसके पार्थिव शरीर से विवाह किया था और उसे अंतिम विदाई दी थी। इसके बाद वह सक्षम के परिवार के साथ रहने लगी थीं और खुद को उसकी पत्नी मानते हुए जीवन बिताने का फैसला किया था।

हालांकि, आंचल के आरोपों पर फिलहाल सक्षम ताटे के परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Updated on:
14 Jun 2026 03:55 pm
Published on:
14 Jun 2026 03:09 pm