
Aastha Kunj Park Kalkaji: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, किशोरी अपने जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ 142 एकड़ में फैले आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया, दोनों को धमकाया और उन्हें पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर लड़की के साथ हैवानियत की, जबकि उसके साथी को बंधक बनाकर रखा।
पीड़ित किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि घटना के दौरान वह बेहद डरी हुई थी और लगातार रो रही थी। उसने आरोपियों से अपनी मां से बात कराने की भी गुहार लगाई थी। आरोपियों ने उसके दोस्त की पिटाई भी की थी।
एफआईआर में दर्ज बयान के मुताबिक, किशोरी ने बताया कि 22 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वह कालकाजी मंदिर में दर्शन करना चाहती थी। उसने अपने दोस्त से मंदिर ले जाने के लिए कहा। दोनों शाम करीब 5:45 बजे कालकाजी पहुंचे और करीब 7 बजे तक मंदिर में दर्शन किए।
दर्शन के बाद दोनों ने कालकाजी मेट्रो स्टेशन के बाहर से चिप्स और पानी की बोतल खरीदी। इसके बाद वे आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर गए। किशोरी के मुताबिक, दोनों ने कुछ देर पार्क में बैठकर खाना खाने और इसके बाद इस्कॉन मंदिर जाने की योजना बनाई थी।
किशोरी के अनुसार, पार्क में झूले के पास एक बेंच पर बैठने के कुछ देर बाद करीब 30 से 35 वर्ष की उम्र के तीन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने उसके दोस्त को पकड़कर थप्पड़ मारा और पूछा कि वे इतनी देर में पार्क में क्यों आए हैं।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि उस समय पार्क में आना मना है। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और उसके दोस्त को दूसरी तरफ ले गए।
किशोरी के बयान के अनुसार, आरोपियों में से दो उसे पार्क के एक सुनसान हिस्से की ओर ले जाने लगे। वह डर गई और उसने उनसे कहा कि जो भी पूछना है, वहीं पूछें और उसकी मां से बात करें।
पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपियों में से एक ने दूसरे व्यक्ति से हथियार निकालने के लिए कहा। उसके मुताबिक, उस व्यक्ति ने अपनी जेब से कथित तौर पर काला हथियार निकालकर उसे दिखाया और फिर वापस रख लिया।
इसके बाद दो आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू निकाले और उसे पार्क के अंधेरे हिस्से में ले गए। किशोरी ने आरोप लगाया कि वहां तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पुलिस को बताया कि इस दौरान उसे चाकू दिखाकर धमकाया गया और वह लगातार डर और दर्द में थी।
किशोरी के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने उसे जल्दी से कपड़े पहनने के लिए कहा। इसके बाद वे उसके दोस्त को भी वापस लेकर आए। आरोप है कि उन्होंने दोनों के मोबाइल फोन लौटा दिए और धमकी दी कि अगर उन्होंने तुरंत वहां से जाने में देरी की या किसी को घटना के बारे में बताया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर दोनों को आस्था कुंज पार्क से बाहर ले गए। वहां से तीनों फरार हो गए।
पार्क से बाहर आने के बाद किशोरी ने अपने दोस्त को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसके दोस्त ने पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को फोन किया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पीड़िता को आंतरिक चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।