मुंबई

Ahilyanagar Crime: शादी के बाद भी प्रेमी से मिलने पहुंची पत्नी, पति ने रंगेहाथ पकड़ा; गुस्से में युवक की हत्या

Ahilyanagar Murder Case: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में पत्नी के पुराने प्रेम संबंधों को लेकर युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने महेश जाधव और योगेश जाधव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव मुला बांध की नहर में फेंक दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 12:38 PM IST
Ahilyanagar Crime
पत्नी के प्रेमी को रंगे हाथ पकड़ा पति, प्रतीकात्मक फोटो- पत्रिका

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पत्नी के शादी से पहले के प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से मिलने पहुंचे युवक को पति और उसके एक साथी ने पकड़ लिया और मारपीट कर उसकी जान ले ली। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को मुला बांध के बैकवॉटर नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान गणेश मच्छिंद्र गायकवाड़ (32), निवासी कमलपुर, श्रीरामपुर तालुका के रूप में हुई है। पुलिस ने राहुरी तालुका के कुक्कडवेढा इलाके से उसका शव बरामद किया है।

पत्नी से मिलने पहुंचा था पुराना प्रेमी

पुलिस के मुताबिक, महेश राजेंद्र जाधव की पत्नी शुभांगी और गणेश गायकवाड़ के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि गणेश शुभांगी से मिलने के लिए शिंगवे नाईक पहुंचा था। इसी दौरान महेश जाधव और योगेश राजेंद्र जाधव ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने गणेश के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी बाहर न आए और हत्या के सबूत मिटाए जा सकें, इस इरादे से दोनों आरोपियों ने गणेश का शव राहुरी कृषि विश्वविद्यालय के पास मुला बांध के बैकवॉटर नहर में फेंक दिया। प्रेम संबंधों को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंचने से इलाके में सनसनी फैल गई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

गणेश के भाई प्रदीप मच्छिंद्र गायकवाड़ (34) की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस थाने में हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एमआईडीसी पुलिस थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक हेमंत थोरात को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी महेश जाधव राहाता तालुका के जळगांव इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

वहीं, दूसरे आरोपी योगेश जाधव के मुला बांध क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक हरीश भोये को मिली। स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे भी पकड़ लिया। बाद में दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए एमआईडीसी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

नहर के किनारे चलाया तलाशी अभियान

आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गणेश का शव मुला बांध के बैकवॉटर नहर में फेंका गया था। इसके बाद पुलिस ने नहर के आसपास तलाशी अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद राहुरी तालुका के कुक्कडवेढा इलाके में गणेश का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके परिजनों को बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान गणेश गायकवाड़ के रूप में की। शव मिलने के बाद पुलिस को मामले की जांच में अहम सुराग मिला।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में, 24 अक्टूबर तक रिमांड

पुलिस ने महेश राजेंद्र जाधव और योगेश राजेंद्र जाधव को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 24 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच एमआईडीसी पुलिस थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक हेमंत थोरात कर रहे हैं।

Updated on:
23 Oct 2026, 12:38 PM IST
Published on: